ग्रुप लोन लेकर पति की हत्या की सुपारी! प्रेमी के इश्क में अंधी पत्नी ने 90 हजार में तय कराया मर्डर, 40 हजार एडवांस देकर खुलवाया मौत का दरवाजा
पटना/बालमुकुन्द यादव
पटना में रिश्तों को शर्मसार करने वाली खौफनाक वारदात! पति की गैरमौजूदगी में पड़ोसी युवक से शुरू हुई नजदीकी इतनी बढ़ी कि पत्नी ने अपने ही सुहाग को मिटाने की साजिश रच डाली। हत्या के लिए पैसे कम पड़े तो लोन लिया और उसी रकम से नाबालिग शूटर को सुपारी दे दी। हत्या से ठीक एक घंटे पहले पत्नी मायके चली गई और पीछे से घर का दरवाजा खुलते ही पति के सिर में गोली मार दी गई। पुलिस ने जब इस हत्याकांड की परतें खोलीं तो लोन से लेकर लव अफेयर और सुपारी तक की पूरी कहानी सामने आ गई।
पटना: बिहार के बिहटा थाना क्षेत्र के सिमरी गांव से एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसने पति-पत्नी के रिश्ते और भरोसे को झकझोर कर रख दिया है। आमतौर पर महिलाएं ग्रुप लोन या छोटे कर्ज लेकर सिलाई, दुकान, पशुपालन और दूसरे रोजगार शुरू करती हैं, ताकि परिवार की आर्थिक स्थिति बेहतर हो सके। लेकिन बिहटा की इस महिला ने कथित तौर पर लोन की रकम का इस्तेमाल अपने ही पति की हत्या की सुपारी देने में कर दिया। प्रेमी के साथ मिलकर रची गई इस खूनी साजिश में पत्नी ने 90 हजार रुपये में पति की हत्या का सौदा तय कराया और शूटर को 40 हजार रुपये एडवांस भी दे दिए।मृतक की पहचान इरफान इमाम उर्फ कल्लू के रूप में हुई है। वह पेशे से ड्राइवर था और भाड़े की गाड़ी चलाता था। पुलिस ने इस हत्याकांड में उसकी पत्नी फौजिया फिरदौस उर्फ नेहा (32), उसके प्रेमी करण (22) और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। जबकि गोली मारने वाला मुख्य शूटर अब भी फरार है।ड्राइवर पति घर से बाहर रहता था, पड़ोसी युवक से बढ़ गई नजदीकियां इरफान इमाम और नेहा की शादी करीब 10 साल पहले हुई थी। दोनों के एक बेटा और एक बेटी हैं। इरफान ड्राइवर था, इसलिए काम के सिलसिले में अक्सर घर से बाहर रहता था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले 22 वर्षीय करण से नेहा की नजदीकियां बढ़ने लगीं।करण का घर नेहा के घर से महज एक घर छोड़कर था। बातचीत और मुलाकातों का सिलसिला धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गया। पुलिस के मुताबिक, कुछ दिन पहले इरफान ने नेहा को करण से फोन पर बात करते सुन लिया था। इसके बाद घर में विवाद शुरू हो गया। पति को पत्नी का यह रिश्ता मंजूर नहीं था। पिछले कुछ महीनों से दोनों के बीच लगातार झगड़े हो रहे थे।आखिरकार पुलिस जांच में सामने आया कि नेहा और करण ने इरफान को रास्ते से हटाने का फैसला कर लिया।
प्रेमी ने खोजा शूटर, पत्नी ने लोन लेकर जुटाए पैसे
हत्या की साजिश को अंजाम देने के लिए करण ने अपने संपर्क के दो नशेड़ी नाबालिगों से बात की। उन्हीं के जरिए करीब 17 साल के एक किशोर शूटर तक पहुंच बनाई गई। पुलिस के अनुसार, हत्या के लिए 90 हजार रुपये में सौदा तय हुआ।इस साजिश में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि सुपारी की रकम जुटाने के लिए नेहा ने खुद लोन लिया था। उसने पहली किस्त के रूप में 40 हजार रुपये शूटर को एडवांस दिए। बाकी रकम भी हत्या के बाद देने की बात तय हुई थी।यानी जिस कर्ज से घर-परिवार की जरूरतें पूरी हो सकती थीं, उसी पैसे को पुलिस के मुताबिक पति की हत्या की साजिश में लगा दिया गया।
हत्या से एक घंटे पहले मायके चली गई पत्नी, फिर दरवाजा खुलते ही चली गोली
साजिश के मुताबिक, 10 नवंबर की रात नेहा अपने मायके चली गई। यह भी योजना का हिस्सा था, ताकि हत्या के वक्त वह घटनास्थल पर मौजूद न रहे और उस पर शक कम हो।नेहा के घर से निकलने के करीब एक घंटे बाद करण और नाबालिग शूटर कल्लू के घर पहुंचे। करण अपने नाबालिग ममेरे भाई की बाइक लेकर कुछ दूरी पर रुक गया, जबकि शूटर घर के दरवाजे तक पहुंचा।रात में शूटर ने दरवाजा खटखटाया। जैसे ही इरफान ने दरवाजा खोला, आरोपी किशोर ने उनके सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही इरफान की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद शूटर फरार हो गया। उधर करण भी वहां से निकल गया।जिस घर में पति-पत्नी और उनके बच्चों का परिवार बसता था, उसी घर का दरवाजा इरफान के लिए मौत का दरवाजा बन गया।
पुलिस को पहले दूसरी वजह का था शक, पूछताछ में खुला प्रेम प्रसंग और सुपारी का राज
10 नवंबर की रात हुई इस हत्या के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। शुरुआत में आपसी रंजिश और लूटपाट समेत दूसरे संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही थी। लेकिन जांच आगे बढ़ी तो कहानी में पत्नी और उसके प्रेमी की भूमिका सामने आने लगी।13 नवंबर को पुलिस ने नेहा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने कथित तौर पर प्रेमी करण के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रचने, लोन लेने और शूटर को 40 हजार रुपये एडवांस देने की बात स्वीकार की। शनिवार को दोनो को जेल भेज दिया गया।
इसके बाद पुलिस ने प्रेमी करण और उसके एक नाबालिग ममेरे भाई को भी गिरफ्तार कर लिया। वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी जब्त की गई है। हालांकि, गोली चलाने वाला मुख्य शूटर अभी फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।इस हत्याकांड का सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि इरफान और नेहा की शादी को करीब एक दशक हो चुका था। दोनों के दो बच्चे भी हैं। पिता की हत्या और मां की गिरफ्तारी के बाद दोनों बच्चे फिलहाल अपने दादा के पास हैं।जिस महिला के साथ इरफान ने जिंदगी बिताने के सपने देखे थे, उसी पर पुलिस ने पति की हत्या की साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया है। प्रेम संबंध, घरेलू विवाद, लोन की रकम और सुपारी के इस पूरे घटनाक्रम ने इलाके में सनसनी फैला दी है।दानापुर डीएसपी-2 अमरेंद्र कुमार झा ने बताया कि इरफान इमाम उर्फ कल्लू की हत्या की जांच में पत्नी, उसके प्रेमी और नाबालिगों की संलिप्तता सामने आई है। इन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। फरार मुख्य शूटर की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।

Post a Comment