Top News

छठ पर विशेष व्यवस्थाओं के लिए पीएम मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का जताया आभार

लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा और स्वागत के लिए रेलवे स्टेशनों से लेकर एयरपोर्ट एवं बस स्टैंड तक की गई विशेष व्यवस्थाओं की विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी ने सराहना की है। रेलवे स्टेशनों को आकर्षक लाइटिंग से सजाया गया है। यात्रियों और श्रद्धालुओं के बैठने के लिए कुर्सियों की व्यवस्था की गई है। वहीं, कई स्थानों पर छठ महापर्व की शुभकामनाओं से जुड़े पोस्टर, बैनर और आकर्षक झांकियां भी लगाई गई हैं। रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट और बस स्टैंड पर छठ के पारंपरिक गीतों की गूंज से वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।
इन व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए आशीष गोस्वामी ने कहा कि छठ केवल एक पर्व नहीं, बल्कि अपनी मिट्टी, परिवार, संस्कृति और सनातन परंपरा से जुड़ने का महापर्व है। देश के विभिन्न हिस्सों में रहने वाले लोग पूरे वर्ष इस पर्व का इंतजार करते हैं और परिवार के साथ छठ मनाने के लिए अपने घर लौटते हैं। ऐसे में यात्रियों के स्वागत और सुविधा के लिए की गई विशेष व्यवस्थाएं सराहनीय हैं।
उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशनों पर सजावट, यात्रियों के बैठने की व्यवस्था और छठ गीतों के प्रसारण से श्रद्धालुओं को अपनी संस्कृति और परंपरा से जुड़ाव महसूस होता है। इन विशेष व्यवस्थाओं के लिए उन्होंने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति कोटि-कोटि आभार व्यक्त किया। साथ ही रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का भी विशेष धन्यवाद किया।
उन्होंने मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार सरकार तथा पूर्णिया के जिला पदाधिकारी श्री अंशुल कुमार के मार्गदर्शन में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता को लेकर की गई विशेष व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए आभार एवं कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि ऐसी पहल से छठव्रतियों और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलती हैं तथा हमारी सांस्कृतिक विरासत को सम्मान प्राप्त होता है।
अंत में उन्होंने समस्त देशवासियों एवं छठ व्रतियों को लोक आस्था के महापर्व छठ की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

Post a Comment

Previous Post Next Post