फलका थाना क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ ग्रामीणों के विरोध प्रदर्शन के बाद फलका पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बड़ी चातर चौक से एक युवक को 6.99 ग्राम कथित स्मैक और मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान पूर्णिया जिले के मरंगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ककरजान गांव निवासी सरवन कुमार (28), पिता भागवत पंडित के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, बड़ी चातर चौक पूर्णिया जिले की सीमा से सटा हुआ है। क्षेत्र में कथित स्मैक के अवैध कारोबार से परेशान ग्रामीणों ने कुछ दिन पूर्व चौक पर टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया था। इस दौरान ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए नशे के कारोबार पर तत्काल रोक लगाने और इसमें संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की थी।
ग्रामीणों का कहना था कि नशे के अवैध कारोबार के कारण युवा पीढ़ी का भविष्य बर्बाद हो रहा है। प्रदर्शन के बाद पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई का भरोसा दिलाया था। इसी क्रम में फलका पुलिस ने छापेमारी कर युवक को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की इस कार्रवाई से स्थानीय ग्रामीणों ने राहत जताई है। वहीं, त्वरित कार्रवाई को लेकर थानाध्यक्ष प्रह्लाद कुमार यादव की सराहना की जा रही है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गिरफ्तार युवक को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
Post a Comment