जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्मैक तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा किया है। मरंगा थाना क्षेत्र के शिवशक्ति नगर स्थित एक घर में छापेमारी कर पुलिस ने 856.06 ग्राम स्मैक बरामद किया है। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब दो करोड़ रुपये बताई गई है। मौके से 5 लाख 5 हजार 90 रुपये नकद और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस ने इस मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर की रात गुप्त सूचना मिली थी कि मरंगा थाना क्षेत्र के शिवशक्ति नगर, वार्ड संख्या-24 निवासी किरण देवी और उसका बेटा आनंद चौधरी अपने घर में भारी मात्रा में स्मैक छिपाकर रखते हैं तथा उसकी खरीद-बिक्री का कारोबार करते हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। छापेमारी को पारदर्शी बनाने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी सदर की ओर से दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति भी की गई।
इसके बाद दंडाधिकारी, डीआईयू टीम और मरंगा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने किरण देवी के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान 856.06 ग्राम स्मैक, 5,05,090 रुपये नकद, तीन एंड्रॉयड मोबाइल और एक कीपैड मोबाइल बरामद किया गया।
इस मामले में पुलिस ने किरण देवी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, उसके बेटे आनंद चौधरी की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस बरामद मोबाइल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर नशे के इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों तथा नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
मामले में मरंगा थाना कांड संख्या 962/26 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। करीब दो करोड़ रुपये के स्मैक की बरामदगी को जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।
Post a Comment