Top News

खरना पूजा के साथ छठमय हुआ किशनगंज, आज अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगे व्रती

लोक आस्था के महापर्व छठ के दूसरे दिन शनिवार को जिलेभर में व्रतियों ने पूरे श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ विधि-विधान से खरना पूजा की। खरना के साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व को लेकर पूरे सीमांचल में भक्तिमय माहौल बन गया है। छठी मैया के पारंपरिक गीतों से घर-आंगन से लेकर बाजारों तक वातावरण छठमय हो गया है।

छठ पर्व को लेकर किशनगंज शहर सहित ग्रामीण इलाकों के बाजारों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। व्रती और श्रद्धालु फल, फूल, नारियल, केला, गन्ना सहित पूजा में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्रियों की खरीदारी करते नजर आए। बाजारों में छठ पर्व की रौनक देखते ही बन रही है। महंगाई के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं दिख रही है और लोग पूरे श्रद्धाभाव से पूजन सामग्री की खरीदारी कर रहे हैं।

रविवार को अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को पहला अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। इसे लेकर शहर से लेकर गांव तक छठ घाटों की साफ-सफाई, रंग-रोगन और आकर्षक सजावट का काम अंतिम चरण में है। घाटों को दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को अर्घ्य देने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।

इधर, छठ महापर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। जिलाधिकारी नवीन कुमार, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी खुसरो शिराज सहित अन्य अधिकारी लगातार विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर रहे हैं। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को साफ-सफाई, सुरक्षा, रोशनी, यातायात व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।

प्रशासन की ओर से संवेदनशील घाटों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि लोक आस्था का महापर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post