कोढ़ा थाना क्षेत्र के फुलवरिया वार्ड संख्या-04 स्थित काढ़ागोला रोड में शनिवार की रात अज्ञात चोरों ने एक बंद घर और दीपशिखा ब्यूटी पार्लर को निशाना बनाते हुए करीब 21 लाख 20 हजार रुपये की संपत्ति चोरी कर ली। चोरों ने घर और पार्लर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, फुलवरिया निवासी दीप नारायण साह 14 नवंबर को सुबह करीब चार बजे अपने परिवार के साथ छठ पूजा मनाने पैतृक गांव रजला, प्रखंड कुढ़नी, जिला मुजफ्फरपुर गए थे। इसी दौरान 15 नवंबर की सुबह करीब 4:45 बजे पड़ोसी अखिलेश पासवान की पत्नी ने फोन कर घर का मुख्य ताला टूटे होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही गृहस्वामी वापस फुलवरिया पहुंचे। घर के अंदर जाने पर देखा कि अलमारी, लॉकर, दराज और पलंग के स्टोरेज सहित अन्य सामानों को खंगालकर चोरों ने पूरे घर को अस्त-व्यस्त कर दिया था।
पीड़ित के अनुसार, चोर सोने-चांदी के आभूषणों के साथ करीब 1 लाख 20 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामानों में सोने का हार, झुमका, नथुनी, मंगलसूत्र, अंगूठी, चेन, पायल, चांदी का हार सेट, बिछिया, लॉकेट सहित अन्य आभूषण शामिल हैं। गृहस्वामी ने कुल करीब 21 लाख 20 हजार रुपये की संपत्ति चोरी होने का अनुमान लगाया है।
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष पंकज आनंद, अपर थानाध्यक्ष कुणाल कुमार और एसआई रविकांत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने करीब दो से तीन घंटे तक घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा अन्य तकनीकी अनुसंधान किया।
कोढ़ा डीएसपी सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि घटना के मार्ग में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच कराई जा रही है। इसके साथ ही अन्य तकनीकी अनुसंधान भी किए जा रहे हैं, ताकि जल्द से जल्द मामले का खुलासा किया जा सके। उन्होंने अनुमंडल पुलिस क्षेत्र कोढ़ा के सभी थानाध्यक्षों को गश्ती वाहनों के साथ ग्रामीण इलाकों में चौकसी बढ़ाने का निर्देश दिया है।
पीड़ित ने बताया कि घर के सामने स्थित संगम ट्रेडर्स, बगल के उत्कर्ष पब्लिक स्कूल और मनोहर झा के आवास में लगे सीसीटीवी कैमरों में घटना से संबंधित संदिग्ध व्यक्ति और वाहन दिखाई देने की बात सामने आई है। पेशे से पशु चिकित्सक दीप नारायण साह ने कोढ़ा थाना में लिखित आवेदन देकर अज्ञात चोरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने, चोरी गई संपत्ति बरामद करने और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
Post a Comment