Top News

छठ पूजा पर कोढ़ा प्रशासन की मुस्तैदी, सभी घाटों पर रहे बेहतर इंतजाम; मुख्य पार्षद ने जताया आभार


लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर कोढ़ा नगर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुचारु व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। गेड़ाबाड़ी बाजार स्थित नहर छठ घाट सहित नगर पंचायत के सभी घाटों पर प्रशासन की ओर से बेहतर इंतजाम किए गए। वहीं, गेड़ाबाड़ी चौक पर भी यातायात व्यवस्था सराहनीय रही।

थानाध्यक्ष पंकज आनंद के नेतृत्व में पुलिस प्रशासन ने छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा। अपर थानाध्यक्ष कुणाल कुमार स्वयं विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।

प्रशासन की इस सक्रियता और बेहतर व्यवस्था को लेकर नगर पंचायत कोढ़ा के मुख्य पार्षद धीरज कुमार सिंह ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने छठ पूजा समितियों के सभी सदस्यों को भी बेहतर व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सेवा के लिए बधाई दी।

मुख्य पार्षद धीरज कुमार सिंह ने कहा कि पूरे नगर पंचायत की ओर से कोढ़ा प्रशासन का हृदय से आभार व्यक्त करते हैं। छठ महापर्व के दौरान उन्होंने भी अपनी ओर से जहां तक संभव हुआ, श्रद्धालुओं की सेवा करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि यदि व्यवस्था में कहीं कोई कमी रह गई हो तो उसे आगे और बेहतर बनाने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, पूजा समितियों और आम नागरिकों के आपसी सहयोग से ही कोई भी पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न होता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post