Top News

सीमेंट लदे ट्रक ने टोटो चालक को कुचला, मौत के बाद सड़क पर उतरे लोग

पूर्णियाँ /बालमुकुन्द यादव 

 गुलाबबाग में शुक्रवार को तेज रफ्तार सीमेंट लदे ट्रक ने एक टोटो चालक की जान ले ली। खुश्कीबाग रेलवे रैक प्वाइंट से आ रहे ट्रक की चपेट में आने से लकड़ी पट्टी निवासी सत्यनारायण शर्मा उर्फ सत्तो शर्मा की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने गुलाबबाग मुख्य मार्ग जाम कर दिया और दुर्घटना में शामिल ट्रक को आग के हवाले कर दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति संभालने के लिए आधा दर्जन थानों की पुलिस के साथ एसपी की क्यूआरटी टीम को तैनात किया गया।जानकारी के अनुसार, सत्यनारायण शर्मा अपने घर से सब्जी खरीदने बाजार जा रहे थे। इसी दौरान खुश्कीबाग रेलवे रैक प्वाइंट की ओर से तेज गति में आ रहा सीमेंट लदा ट्रक उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिर पड़े और ट्रक उनके ऊपर चढ़ गया


गंभीर रूप से कुचले जाने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।मृतक के बड़े भाई प्रमोद शर्मा ने बताया कि उनका भाई घर से सब्जी खरीदने निकला था। पीछे से तेज गति में आए ट्रक ने उसे कुचल दिया। सत्यनारायण टोटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में दो बेटे और दो बेटियां हैं। एक हादसे ने परिवार के कमाऊ सदस्य को छीन लिया।घटना की खबर फैलते ही स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। लकड़ी पट्टी के समीप गुलाबबाग मुख्य मार्ग को जाम कर ट्रक चालक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग करने लगे। इसी दौरान आक्रोशित लोगों ने दुर्घटना में शामिल सीमेंट लदे ट्रक में आग लगा दी। सड़क जाम होने से आवागमन प्रभावित रहा।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पूर्णिया पुलिस के आधे दर्जन थानों की टीम मौके पर पहुंची

एसपी की क्यूआरटी टीम के जवानों के साथ महिला पुलिस बल और विभिन्न थानों के पुलिस पदाधिकारी भी तैनात रहे।सदर एसडीपीओ-1 अभिनव पाराशर और सदर अनुमंडल पदाधिकारी विग्नेश टीए घटनास्थल पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। अधिकारी लगातार मौके पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर बनाए रहे।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, दुर्घटना के कारणों और ट्रक चालक की भूमिका की जांच की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post