पूर्णिया जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से गुरुवार को गोकुल कृष्ण आश्रम स्थित कांग्रेस कार्यालय में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं देश के द्वितीय प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मनाई गई। इस अवसर पर दोनों महान विभूतियों के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि महात्मा गांधी का संपूर्ण जीवन देश की सेवा और आजादी के संघर्ष को समर्पित रहा। उन्होंने सत्य और अहिंसा का संदेश देकर देशवासियों में नई चेतना जगाई। असहयोग आंदोलन के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम को नई ऊर्जा प्रदान की, जिससे युवा वर्ग देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने को प्रेरित हुआ।
वहीं, लाल बहादुर शास्त्री ने 'जय जवान, जय किसान' का नारा देकर देश के जवानों और किसानों में नई ऊर्जा का संचार किया। प्रधानमंत्री के रूप में उनकी ईमानदारी, सादगी और राष्ट्र के प्रति समर्पण आज भी अनुकरणीय है।
वक्ताओं ने कहा कि देश को इन दोनों महान विभूतियों पर गर्व है। उनके विचारों और आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।
मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष कुमार आदित्य, अफरोज आलम, रंजन सिंह, दिनकर स्नेही, जवाहर किशोर उर्फ रिंकू यादव, गौतम वर्मा, मंडी मरांडी, अखिलेश कुमार, मोहन झा, करण यादव, नीरज यादव, मोहम्मद मजहरूल बारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।
Post a Comment