Top News

कटिहार में घर मे घुसकर परिजन को बंधक बनाकर महिला को मारी गोली

कटिहार/सिटी हलचल न्यूज़ 

बिहार के कटिहार जिले से देर रात सनसनीखेज वारदात सामने आई है। फलका थाना क्षेत्र के महेशपुर गांव में हथियारबंद बदमाशों ने घर में घुसकर 25 वर्षीय महिला को गोली मार दी। गोली लगने से नीतू कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गईं। आनन-फानन में परिजन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया।वारदात के बाद गांव में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि बदमाशों की संख्या छह से सात थी और सभी हथियारों से लैस थे।

आधी रात घर में घुसे हथियारबंद बदमाश

जानकारी के अनुसार फलका थाना क्षेत्र के महेशपुर निवासी 70 वर्षीय नेपाली साह अपनी पत्नी के साथ घर के बरामदे में सो रहे थे। उनका पुत्र विकास कुमार और पुत्रवधू नीतू कुमारी घर के एक कमरे में थे।बताया जाता है कि देर रात अचानक हथियारबंद बदमाश घर में घुस आए। आरोप है कि बदमाशों ने पहले बुजुर्ग दंपती को हथियार के बल पर अपने कब्जे में ले लिया। इसी दौरान गिरोह के कुछ सदस्य कमरे में पहुंच गए।परिजनों के मुताबिक कमरे में पहुंचते ही बदमाशों ने फायरिंग कर दी। इसी दौरान नीतू कुमारी को गोली लग गई और वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ीं


दो गोलियां चलाने का आरोप, मोबाइल भी ले गए

घायल महिला के पति विकास कुमार ने बताया कि बदमाशों ने उन्हें हथियार दिखाकर धमकाया और इसके बाद उनकी पत्नी को गोली मार दी। उनके मुताबिक अपराधियों ने दो गोलियां चलाईं।वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश घर से नाती का मोबाइल फोन भी लेकर फरार हो गए। अचानक हुई फायरिंग से परिवार के लोग दहशत में आ गए और गांव में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जमीन विवाद से जुड़ा है मामला?

परिजनों के मुताबिक परिवार का गांव में जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। इसी विवाद को गोलीबारी की घटना से जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि घर में घुसकर गोली चलाने वाले बदमाश कौन थे और वारदात के पीछे उनका वास्तविक मकसद क्या था।

पुलिस और FSL टीम ने खंगाला घटनास्थल

गोलीबारी की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ-2 सुनील कुमार शर्मा और फलका थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष राहुल कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद FSL टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं।पुलिस ने घटनास्थल से एक बाइक और कुछ अन्य सामान भी बरामद किया है। बरामद सामान की जांच की जा रही है


पति के बयान पर FIR, नामजद आरोपियों की तलाश

प्रभारी थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि घायल महिला के पति के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस घटना के पीछे जमीन विवाद समेत अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है।

गांव में तनाव, घर पर पुलिस तैनात

वारदात के बाद महेशपुर गांव में भय और तनाव का माहौल है। किसी तरह की अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए पुलिस ने पीड़ित परिवार के घर पर पुलिस बल की तैनाती कर दी है। फिलहाल घायल नीतू कुमारी का इलाज जारी है और उनकी स्थिति को लेकर परिजन चिंतित हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post