मुरलीगंज रेलवे स्टेशन पर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के ठहराव की मांग को लेकर चेंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव बिनोद बाफना ने रेलवे बोर्ड के परिचालन एवं व्यवसाय विकास सदस्य मनोज सिंह से मुलाकात कर मांग पत्र सौंपा। उन्होंने जनहित एवं क्षेत्रीय विकास को देखते हुए ट्रेन के मुरलीगंज स्टेशन पर ठहराव की मांग की।
मांग पत्र में बताया गया कि मुरलीगंज कोसी क्षेत्र का प्रमुख व्यापारिक एवं शैक्षणिक केंद्र है। मुरलीगंज रेलवे स्टेशन पर उदाकिशुनगंज, बिहारीगंज, कुमारखंड, जदिया सहित आसपास के क्षेत्रों के लाखों यात्री निर्भर हैं। वर्तमान में ट्रेन संख्या 26301/26302 वंदे भारत एक्सप्रेस इस रेल मार्ग से गुजरती है, लेकिन मुरलीगंज स्टेशन पर इसका ठहराव नहीं है।
इससे व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों, मरीजों एवं आम यात्रियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ता है। बिनोद बाफना ने कहा कि वंदे भारत एक्सप्रेस का मुरलीगंज में ठहराव होने से क्षेत्र के लाखों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही व्यापारिक गतिविधियों, शिक्षा और आवागमन को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने रेलवे बोर्ड से इस मांग पर सकारात्मक पहल करने का आग्रह किया।
Post a Comment