Top News

सब्जी उत्पादक सहकारी समिति के अध्यक्ष बने त्रिलोक कुमार, नवीन कुमार उपाध्यक्ष निर्वाचित

मुरलीगंज प्रखंड प्राथमिक सब्जी उत्पादक सहकारी समिति लिमिटेड का चुनाव बुधवार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। प्रखंड कार्यालय परिसर में बनाए गए मतदान केंद्र पर मतदान के बाद देर शाम मतगणना पूरी की गई। इसमें अध्यक्ष पद पर त्रिलोक कुमार और उपाध्यक्ष पद पर नवीन कुमार निर्वाचित घोषित किए गए।

अध्यक्ष पद के लिए त्रिलोक कुमार और उनकी छोटी बहू सिंकू कुमारी के बीच मुकाबला था। इसमें त्रिलोक कुमार को 91 मत मिले, जबकि सिंकू कुमारी को 82 मत प्राप्त हुए। इस प्रकार त्रिलोक कुमार ने नौ मतों के अंतर से जीत दर्ज की। अध्यक्ष पद के लिए पड़े 177 मतों में चार मत अमान्य घोषित किए गए।

वहीं, उपाध्यक्ष पद पर गम्हरिया निवासी नवीन कुमार ने 124 मत प्राप्त कर जीत हासिल की। उनके प्रतिद्वंद्वी बेलो निवासी गुड्डू कुमार को 44 मत मिले। इस पद के लिए पड़े 177 मतों में नौ मत अमान्य घोषित किए गए।

बीडीओ सह निर्वाचन पदाधिकारी गोपाल कृष्णन ने चुनाव परिणाम की घोषणा करते हुए नवनिर्वाचित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को प्रमाण पत्र सौंपा। समिति की प्रबंधकारिणी के सभी नौ सदस्य एवं सचिव पद पर गुंजन देवी पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुकी हैं।

परिणाम घोषित होते ही विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष को फूल-माला पहनाकर और अबीर-गुलाल लगाकर जीत का जश्न मनाया।

Post a Comment

Previous Post Next Post