Top News

33 हजार वोल्ट का तार गांव से हटाने की मांग,ग्रामीणों का प्रदर्शन


धमदाहा। दमैली पंचायत के किशनटोली वार्ड संख्या-01 में 33 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार को लेकर ग्रामीणों और बिजली विभाग के बीच विवाद गहराता जा रहा है। गांव की घनी आबादी, स्कूल और मंदिर के समीप से हाईटेंशन तार ले जाने की योजना के विरोध में गुरुवार को ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। करीब आधे घंटे तक सड़क जाम रहने से आवागमन प्रभावित रहा।

ग्रामीणों का कहना है कि प्रस्तावित 33 हजार वोल्ट का तार घनी आबादी के बीच से गुजर रहा है। इससे करीब दो हजार की आबादी प्रभावित होगी। गांव के 300 से अधिक बच्चे प्रतिदिन स्कूल जाते हैं, जबकि सैकड़ों लोग मंदिर में पूजा-पाठ और भजन-कीर्तन करने पहुंचते हैं। ऐसे में हाईटेंशन तार से दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।

ग्रामीणों के अनुसार, बिजली विभाग द्वारा 11 हजार वोल्ट लाइन की मरम्मत के नाम पर रातोंरात बिजली पोल गाड़ दिए गए। इसके बाद उन्हीं पोलों से 33 हजार वोल्ट का तार ले जाने की तैयारी शुरू कर दी गई। इसकी जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए पंचायत के मुखिया अमित कुमार चौधरी को सूचना दी और समस्या के समाधान की मांग की। लेकिन मुखिया के मौके पर नहीं पहुंचने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई।

मामले को शांत कराने बिजली विभाग के वरीय अधिकारियों के साथ धमदाहा अनुमंडल पदाधिकारी अनुपम कुमार भी पहुंचे। ग्रामीणों ने अधिकारियों से 33 हजार वोल्ट की लाइन को गांव की आबादी से हटाकर दूसरे रास्ते से ले जाने का आग्रह किया। ग्रामीणों का आरोप है कि उनकी मांग पर सकारात्मक पहल नहीं होने और मुखिया द्वारा उनकी समस्या को मंत्री तक नहीं पहुंचाने से नाराज होकर उन्होंने सड़क जाम कर विरोध जताया।

प्रदर्शन में राजेश पंडित, प्रमोद पंडित, सत्यनारायण पंडित, प्रमोद यादव, सुशील यादव, कुन्दन कुमार, अमित कुमार, रौशन कुमार, योगेन्द्र यादव, गजेन्द्र प्रसाद चौधरी, कैलाश यादव, रोहित कुमार, पिंकू कुमार, देवनारायण पंडित, कमल किशोर यादव, प्रिंस यादव, बैजनाथ मरंडी, शिवनारायण पंडित, हाजो यादव, प्रिंस कुमार भारती, महेंद्र यादव, महेश मुनि, मुकेश पंडित, हरदेव पंडित, मनोज पंडित, टुनटुन पंडित, भुपो यादव, नवीन कुमार, दीपक कुमार यादव, ललन यादव, उमेश यादव, रौशन पंडित, राज कुमार, बालेश्वर यादव, संजय यादव, नीरज यादव और लखन लाल पंडित सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post