Top News

सितंबर का राशन नहीं मिलने से 34 पीडीएस डीलरों की बढ़ी परेशानी, अधिकारियों से लगाई गुहार


पोठिया प्रखंड क्षेत्र के 34 जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) डीलरों को सितंबर माह का सरकारी खाद्यान्न अब तक उपलब्ध नहीं होने से परेशानी बढ़ गई है। गुरुवार को कई डीलर छत्तरगाछ ग्राम कचहरी परिसर में एकत्रित हुए और जिला पदाधिकारी नवीन कुमार एवं किशनगंज विधायक कमरुल होदा से लंबित खाद्यान्न जल्द उपलब्ध कराने की मांग की।

डीलरों के अनुसार पोठिया प्रखंड में कुल 136 पीडीएस डीलर हैं, जिनमें 34 को सितंबर माह का गेहूं और चावल अब तक नहीं मिला है। त्योहार के समय राशन नहीं मिलने से गरीब एवं जरूरतमंद उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है। उपभोक्ता लगातार डीलरों की दुकानों और घरों पर पहुंचकर राशन की मांग कर रहे हैं।

पीडीएस डीलर फय्याज आलम ने बताया कि वे 11 सितंबर से ही खाद्यान्न उपलब्ध कराने की मांग कर रहे हैं। निर्धारित वितरण अवधि समाप्त होने और अगले माह की शुरुआत के बावजूद राशन नहीं मिलने से उपभोक्ताओं को जवाब देना मुश्किल हो रहा है। इस संबंध में पोठिया एमओ अविनाश कुमार को कई बार जानकारी दी गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। डीलरों ने खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, पटना के सचिव को भी लिखित शिकायत देकर लंबित खाद्यान्न उपलब्ध कराने की मांग की है।

डीलर हनीफ, चेयरमैन, फय्याज आलम, मो. इसराइल, संजीत कुमार, इमामुद्दीन एवं तारिक आलम सहित अन्य ने जिला पदाधिकारी को भी लिखित शिकायत सौंपने की बात कही।

इस संबंध में एमओ अविनाश कुमार ने बताया कि जिले में खाद्यान्न की कमी के कारण 34 डीलरों को सितंबर का पूरा अनाज नहीं मिल सका है। विभिन्न प्रखंडों में जनसंख्या और वितरण की आवश्यकता के अनुपात में आवंटन में अंतर होने से यह स्थिति उत्पन्न हुई है। पोठिया में जरूरत के अनुरूप कम आवंटन हुआ, जबकि कुछ अन्य स्थानों पर अधिक खाद्यान्न पहुंच गया।

उन्होंने बताया कि विभागीय स्तर पर समस्या के समाधान का प्रयास किया जा रहा है। जिन डीलरों के पास गेहूं या चावल अधिक बचा है, उनसे लेकर जरूरतमंद डीलरों को उपलब्ध कराने की योजना है, ताकि शेष उपभोक्ताओं को राशन मिल सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post