Top News

मलेशिया की जेल में बंद सीमांचल के 14 युवाओं की रिहाई की मांग, पूर्व विधायक ने अधिकारियों को सौंपा मांगपत्र


मलेशिया की जेल में बंद सीमांचल के 14 युवाओं की रिहाई और उन्हें विदेश भेजने के मामले में कथित एजेंट नाहिद गनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग तेज हो गई है। शनिवार को कोचाधामन के पूर्व विधायक मुजाहिद आलम ने पीड़ित परिवारों के साथ पूर्णिया के प्रमंडलीय आयुक्त, आईजी और जिला प्रशासन के अधिकारियों से मुलाकात कर मांगपत्र सौंपा। प्रभारी एसपी सह सदर एसडीपीओ को भी आवेदन देकर मामले में आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई। इसके अलावा बिहार सरकार के गृह विभाग के सचिव को पत्र भेजकर हस्तक्षेप का अनुरोध किया गया है।

पूर्व विधायक ने बताया कि मलेशिया में बंद 14 युवाओं में पूर्णिया के छह, किशनगंज के छह और अररिया के दो युवक शामिल हैं। आरोप है कि इन युवाओं को 8 सितंबर को मलेशियन इमिग्रेशन विभाग ने वैध वीजा के बिना काम करने के आरोप में गिरफ्तार किया था। इसके बाद 1 अक्टूबर को मलेशिया की अदालत ने सभी को चार-चार महीने की सजा सुनाई।

सौंपे गए मांगपत्र में युवाओं की रिहाई के लिए कानूनी एवं राजनयिक पहल करने तथा पूरे मामले की जांच कर नाहिद गनी सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।

### नौकरी का झांसा देकर टूरिस्ट वीजा पर भेजने का आरोप

पीड़ित परिवारों का आरोप है कि युवाओं को विदेश में नौकरी दिलाने का भरोसा देकर एजेंट के माध्यम से भेजा गया, लेकिन वहां पहुंचने के बाद उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ा। आरोप है कि युवाओं को टूरिस्ट वीजा पर विदेश भेजा गया था। मामले में मलेशिया और सऊदी अरब से लौटे कुछ युवाओं की आपबीती का भी जिक्र किया गया है।

बीते दिनों मलेशिया में युवाओं की गिरफ्तारी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में युवकों ने अपनी परेशानी बताई थी, जिसके बाद सीमांचल में मामला चर्चा में आया।

पूर्व विधायक ने पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच, जेल में बंद युवाओं को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने और कथित मानव तस्करी नेटवर्क में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित परिवारों ने भी युवाओं को सुरक्षित वापस लाने और विदेश में नौकरी के नाम पर कथित ठगी करने वालों पर शिकंजा कसने की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post