वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत शनिवार को दिघलबैंक प्रखंड के सीमावर्ती गांव मालटोली में जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान जिला कल्याण पदाधिकारी किशनगंज निखिलेश कुमार पाठक ने गांव का दौरा कर शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पुल सहित विभिन्न बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया।
दौरे के दौरान उन्होंने ग्रामीणों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं और सुझावों की जानकारी ली। पदाधिकारी ने गांव की वास्तविक स्थिति को समझते हुए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई पर जोर दिया।
कार्यक्रम के तहत चयनित सीमावर्ती गांवों का ग्राम प्रोफाइल भी तैयार किया जा रहा है, ताकि मूलभूत सुविधाओं और विकास संबंधी जरूरतों का आकलन किया जा सके।
जिला कल्याण पदाधिकारी निखिलेश कुमार पाठक ने कहा कि वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम का उद्देश्य सीमावर्ती गांवों में विकास कार्यों को गति देना और प्रशासन एवं स्थानीय समुदाय के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। ग्रामीणों की भागीदारी से सीमा सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा स्थानीय समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाने की व्यवस्था मजबूत की जाएगी।
मौके पर पंचायत सचिव प्रेम कुमार सिन्हा, विकास मित्र सत्यनारायण रॉय, वार्ड सदस्य राजनारायण गणेश सहित प्रदीप सिन्हा, अभय सिन्हा, कमल कुमार गणेश एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
Post a Comment