आगामी दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर रविवार को छत्तरगाछ पुलिस कैंप परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर कैंप प्रभारी कुंदन कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पुलिस पदाधिकारियों, पूजा समिति के सदस्यों, समाजसेवियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं प्रबुद्ध नागरिकों ने भाग लिया।
बैठक में दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द को कायम रखने पर चर्चा की गई। कैंप प्रभारी ने क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों की जानकारी लेते हुए कहा कि दुर्गा पूजा आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भाव का प्रतीक है। सभी लोग मिल-जुलकर पर्व मनाएं और शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि विधि-व्यवस्था से किसी भी परिस्थिति में समझौता नहीं किया जाएगा।
**पंडालों और मेला परिसर में रहेगी महिला पुलिस की तैनाती**
बैठक में निर्णय लिया गया कि छत्तरगाछ के दुर्गा पूजा पंडालों एवं मेला परिसरों में महिला पुलिस बल की विशेष तैनाती की जाएगी। महिला पुलिसकर्मी भीड़ नियंत्रण के साथ असामाजिक गतिविधियों और मनचलों पर नजर रखेंगी, ताकि महिलाएं एवं युवतियां निर्भीक होकर पूजा-अर्चना कर सकें और मेले का आनंद उठा सकें।
कैंप प्रभारी कुंदन कुमार ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट साझा करने से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्वों और उपद्रव फैलाने वालों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी। पर्व के दौरान नियमित गश्ती की जाएगी। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय घटना की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने की अपील की गई।
बैठक में मौजूद लोगों ने पुलिस प्रशासन की पहल का स्वागत किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार भी छत्तरगाछ में दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न होगी और क्षेत्र में आपसी भाईचारे एवं सौहार्द की मिसाल कायम होगी।
Post a Comment