Top News

फलका में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनी जन्माष्टमी


फलका प्रखंड क्षेत्र में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाई गई। फलका बाजार सहित विभिन्न गांवों के मंदिरों एवं पूजा स्थलों पर दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। भक्तों ने व्रत रखकर पूजा-अर्चना की और भजन-कीर्तन में शामिल हुए। मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के साथ पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।

फलका बाजार, फलका हाट, बरेटा, रहटा, पीरमुकाम, बभनी, मोरसंडा, सोहथा दक्षिण, सोहथा उत्तर और पोठिया समेत विभिन्न गांवों के मंदिरों को रंग-बिरंगी रोशनी, फूल-मालाओं एवं आकर्षक सजावट से सजाया गया था। कई मंदिरों में राधा-कृष्ण की आकर्षक झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं।

रात्रि 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के शुभ मुहूर्त पर मंदिरों में शंखनाद और घंटियों की गूंज सुनाई दी। श्रद्धालुओं ने ‘जय कन्हैया लाल की’ और ‘नंद के आनंद भयो’ के जयघोष के साथ जन्मोत्सव मनाया। इसके बाद विशेष आरती एवं पूजा-अर्चना कर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।

जन्माष्टमी को लेकर महिलाओं, युवाओं और बच्चों में खासा उत्साह रहा। विभिन्न मंदिरों में भजन-कीर्तन, धार्मिक प्रवचन और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। आयोजन को सफल बनाने में मंदिर समितियों और स्थानीय युवाओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण से क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

Post a Comment

Previous Post Next Post