कुर्सेला थाना क्षेत्र में उर्वरक के अवैध परिवहन के खिलाफ पुलिस और कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। रविवार की देर रात करीब 10:40 बजे संयुक्त टीम ने छापेमारी कर 200 बोरी यूरिया और परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे एक पावरट्रैक ट्रैक्टर को जब्त किया। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। कृषि विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र के खाद कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भागलपुर की ओर से उर्वरक के अवैध परिवहन की सूचना मिलने के बाद अनुमंडल कृषि पदाधिकारी, कटिहार और प्रखंड कृषि पदाधिकारी पिंटू कुमार के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान बड़ी मात्रा में यूरिया बरामद हुई। इसके बाद परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे पावरट्रैक ट्रैक्टर को भी जब्त कर लिया गया।
यूरिया की गुणवत्ता जांच के लिए नमूना संग्रहित
जब्त यूरिया की गुणवत्ता को लेकर आशंका जताए जाने के बाद कृषि विभाग ने जांच की प्रक्रिया तेज कर दी है। टीम ने खाद का नमूना संग्रहित किया है। हालांकि, यूरिया की गुणवत्ता को लेकर वास्तविक स्थिति जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल खाद के नकली होने की पुष्टि नहीं हुई है।
विभागीय कार्रवाई उर्वरक नियंत्रण आदेश, 1985 और आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के प्रावधानों के तहत की गई है। संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
अवैध खाद कारोबार पर विभाग की नजर
कृषि विभाग की ओर से उर्वरकों के अवैध परिवहन, अनियमित बिक्री, कालाबाजारी और गुणवत्ता मानकों के उल्लंघन पर निगरानी रखी जा रही है। विभाग का उद्देश्य किसानों को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण खाद उपलब्ध कराना और अवैध कारोबार पर अंकुश लगाना है।
इस संबंध में कुर्सेला थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। कृषि विभाग की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में उर्वरक कारोबार से जुड़े लोगों के बीच हलचल तेज हो गई है।
Post a Comment