Top News

एनएच-27 पर ट्रक की टक्कर से रिजवान की मौत, चालक फरार

शहर के रोलबाग पेट्रोल पंप के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर शुक्रवार की शाम तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान खगड़ा निवासी रिजवान अंसारी (पिता लुखमान अंसारी) के रूप में हुई है। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया। दुर्घटना के कारण हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और वाहनों की लंबी कतार रामपुर चेकपोस्ट तक पहुंच गई।

मृतक के बड़े भाई फिरोज आलम ने बताया कि रिजवान कुछ सामान खरीदने के लिए सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रिजवान की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। रिजवान एक होटल में स्टाफ के रूप में काम करता था। उसके दो बच्चे हैं। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।

मृतक के भाई फिरोज आलम ने एंबुलेंस सेवा नहीं मिलने पर नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क हादसे की सूचना देने के बावजूद एंबुलेंस घटनास्थल पर नहीं पहुंची। उनके अनुसार, करीब एक घंटे तक शव सड़क पर पड़ा रहा। बाद में यातायात पुलिस अपने वाहन से शव को किशनगंज सदर अस्पताल ले गई।


हादसे के बाद एनएच-27 पर यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई। घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम के कारण यात्रियों और वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। शव को पोस्टमार्टम के लिए किशनगंज सदर अस्पताल भेज दिया गया। दुर्घटना में शामिल ट्रक और उसके चालक की पहचान के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आने का इंतजार है।

Post a Comment

Previous Post Next Post