Top News

स्नातक चुनाव में एनडीए प्रत्याशी की जीत के लिए जुटें कार्यकर्ता : विजय खेमका


 पूर्णिया विधानसभा क्षेत्र के डीएवी रोड स्थित भाजपा नगर पश्चिम मंडल की बैठक में विधायक विजय खेमका शामिल हुए। मंडल अध्यक्ष गोपाल सिन्हा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, पार्टी के आगामी कार्यक्रमों तथा कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में विधायक विजय खेमका ने सभी मंडलों के शक्ति केंद्र प्रमुखों एवं प्रभारियों से स्नातक मतदाताओं के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने एनडीए प्रत्याशी एवं पूर्व विधान पार्षद डॉ. एनके यादव को भारी मतों से विजयी बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटने तथा 23 अक्टूबर को मतदान करने की अपील की।

विधायक ने पूर्णिया में प्रस्तावित विकास योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि सदर अस्पताल, हाइपर स्टेशन, नगर वन, बेसिक खाद्य प्रयोगशाला, दो नए विद्युत शक्ति उपकेंद्र तथा इंटेलिजेंस ब्यूरो कार्यालय के निर्माण की स्वीकृति मिल चुकी है। इन योजनाओं के लिए प्रशासन की ओर से भूमि चिह्नित करने की प्रक्रिया की जा रही है।

उन्होंने बताया कि शहर में आवागमन सुगम बनाने और जलनिकासी व्यवस्था को बेहतर करने के लिए मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना के तहत 29 प्रमुख सड़कों एवं नालों के निर्माण की अनुशंसा की गई है। इसके अलावा बेलोरी गुदरा घाट और मधुबनी कठकरेजा घाट पर पक्के सीढ़ीनुमा अंत्येष्टि प्लेटफॉर्म के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण तथा पूर्णिया सिटी स्थित सौरा नदी के सौंदर्यीकरण की भी अनुशंसा की गई है।

विधायक ने कहा कि अनुशंसित सड़कों एवं नालों के निर्माण सहित अन्य विकास कार्य जल्द शुरू किए जाएंगे।

बैठक में मिथिलेश पोद्दार, अजीत सिन्हा, चंद्रकिशोर भगत, भगवान झा, रामानंद महलदार, अवधेश सिंह, किशोर शाह, विनोद सिन्हा, कमलेश्वरी मेहता, रघुवीर साह, गणेश घोष, राखी सिन्हा, मनोज श्रीवास्तव, सोनू सिंह, रामपदारथ दास, दशरथ महलदार, भगीरथ मांझी सहित भाजपा के कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post