Top News

हथियार के बल पर बाइक सवार से लूटे एक लाख रुपए, विरोध पर मारपीट और हवाई फायरिंग

एक लाख रुपये नकद और 40 हजार का मोबाइल लूटने का आरोप, बाइक की चाबी लेकर फरार हुए बदमाश

पूर्णियां/सिटी हलचल न्यूज़ 

पूर्णिया जिले के जानकीनगर थाना क्षेत्र में हथियार के बल पर लूटपाट की एक घटना सामने आई है। दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने एक बाइक सवार को रोककर लूटपाट की। विरोध करने पर बदमाशों ने हवाई फायरिंग की और मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। बदमाशों ने पीड़ित से करीब एक लाख रुपये नकद और 40 हजार रुपये कीमत का मोबाइल फोन लूट लिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। घायल की पहचान पूर्णिया जिले के जानकीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत चांदपुर भंगहा वार्ड संख्या-11 निवासी करीब 35 वर्षीय पंकज कुमार प्रकाश के रूप में हुई है। पीड़ित के मुताबिक, मंगलवार की शाम करीब आठ बजे वह मुरलीगंज से अपने घर चांदपुर भंगहा जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में पीछे से दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया और हथियार के बल पर लूटपाट करने लगे। विरोध करने पर बदमाशों ने हवाई फायरिंग की और उनके साथ मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। आरोप है कि बदमाशों ने उनके पास से करीब एक लाख रुपये नकद और लगभग 40 हजार रुपये कीमत का मोबाइल फोन छीन लिया। इसके बाद बदमाशों ने उनकी बाइक लूटने का भी प्रयास किया। हालांकि, आसपास के लोगों के जुटने की आहट मिलते ही सभी बदमाश बाइक की चाबी लेकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल पंकज कुमार प्रकाश को मुरलीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां इमरजेंसी वार्ड में उनका इलाज किया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post