शहर में बंद घरों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बीच सदर थाना पुलिस ने एक गृहभेदन मामले का सफल उद्भेदन करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी किए गए सोने-चांदी जैसे आभूषण, पीतल-कांसा के बर्तन, मोबाइल समेत अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस की कार्रवाई में तकनीकी अनुसंधान और सीसीटीवी फुटेज अहम कड़ी साबित हुई।
पुलिस के अनुसार, सदर थाना क्षेत्र के हासदा गुलाबबाग निवासी अजय कुमार साह के घर में 30 अगस्त 2026 को अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया था। मामले को लेकर अजय कुमार साह के लिखित आवेदन पर सदर थाना कांड संख्या 423/26, दिनांक 31 अगस्त 2026 को धारा 331(4)/305 बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्णिया के निर्देश पर मामले के उद्भेदन और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सदर-1 अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही वैज्ञानिक साक्ष्य और मानवीय सूचना का भी संकलन किया गया।
पुलिस अनुसंधान के दौरान मिले सुरागों के आधार पर 3 सितंबर 2026 को छापेमारी कर मामले में शामिल दो आरोपियों को चोरी के सामान के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कृष्णा कुमार (19), पिता स्व. दीपक राय, सिधियाबस्ती, सदर थाना, पूर्णिया और चेतन कुमार (21), पिता स्व. दीपक राय, सिधियाबस्ती, सदर थाना, पूर्णिया के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से सोने जैसे हार और चेन, गणेश की मूर्ति, कान की बाली, हाथ का कड़ा, झुमका, अंगूठी, चांदी की अंगूठी, पीतल-कांसा के बर्तन, घंटी, आयरन सामान और मोबाइल फोन समेत अन्य चोरी का सामान बरामद किया है।
सदर थाना पुलिस की इस कार्रवाई से बंद घरों में चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस की सक्रियता सामने आई है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर उनके आपराधिक इतिहास और चोरी की अन्य घटनाओं में संलिप्तता की जानकारी जुटा रही है।
Post a Comment