डॉलर हाउस चौक स्थित प्रतिष्ठित दी आई स्कूल में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। जन्माष्टमी को लेकर विद्यालय परिसर में सुबह से ही उत्साह का माहौल रहा। स्कूल परिसर को फूलों, रंग-बिरंगे गुब्बारों और आकर्षक रोशनी से सजाया गया था। इस दौरान बाल गोपाल की मनमोहक झांकी भी सजाई गई।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण नन्हे-मुन्ने बच्चों का राधा-कृष्ण के रूप में मनमोहक प्रस्तुतीकरण रहा। माथे पर मोर पंख, हाथ में बांसुरी लिए नन्हे कृष्ण और पारंपरिक वेशभूषा में सजी नन्ही राधा ने अपनी मासूम अदाओं से सभी का मन मोह लिया। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने ‘वो किसना है’ और ‘गो गो गोविंदा’ जैसे भजनों पर आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किया। बच्चों की शानदार प्रस्तुति पर अभिभावकों और शिक्षकों ने तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया।
विद्यालय की प्राचार्य ने अपने संबोधन में कहा कि बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ भारतीय संस्कृति, परंपराओं और त्योहारों के महत्व से परिचित कराना भी विद्यालय की जिम्मेदारी है। भगवान श्रीकृष्ण का जीवन प्रेम, सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम के समापन पर बच्चों के बीच माखन-मिश्री एवं प्रसाद का वितरण किया गया। इस दौरान पूरा विद्यालय परिसर ‘जय श्रीकृष्ण’ के जयकारों से गूंज उठा।
Post a Comment