50 लाख का स्मैक और वो भी साबुनदानी में! पूर्णिया पुलिस ने खोला नशे की खेप का बड़ा राज
पूर्णियाँ /बालमुकुन्द यादव
पूर्णिया में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने नशे की तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर उसके पास से 306.85 ग्राम स्मैक बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि स्मैक को बेहद शातिराना तरीके से साबुनदानी के अंदर छिपाकर ले जाया जा रहा था।पुलिस के मुताबिक, स्मैक की यह खेप पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के कालियाचक से पूर्णिया पहुंची थी। इसे पूर्णिया में अलग-अलग जगहों पर डिलीवरी किया जाना था। इसी बीच पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति लाइन बाजार से आरएन साह चौक की ओर स्मैक लेकर आने वाला है।सूचना मिलते ही वरीय पुलिस पदाधिकारी को जानकारी दी गई
जिसके बाद एसडीपीओ सदर-01 अभिनव परासर के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पुलिस टीम ने फोर्ड कंपनी चौक के आसपास निगरानी शुरू कर दी और लाइन बाजार की तरफ से आने वाले वाहनों की जांच शुरू कर दी।तभी पुलिस को देखते ही टोटो से कूदकर एक युवकनभागने लगा। उसके हाथ में गुलाबी रंग का झोला भी था। जिसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। वही पूछताछ में उसकी पहचान सौरभ कुमार (30 वर्ष), पिता श्यामानंद यादव, निवासी तेतराही वार्ड नंबर-04, थाना जानकीनगर, जिला पूर्णिया के रूप में हुई।पुलिस ने जब उसके गुलाबी रंग के झोले की विधिवत तलाशी ली तो अंदर काले रंग की पॉलीथिन में तीन साबुनदानी मिलीं। पुलिस ने जब साबुनदानी को खोला तो उसके अंदर साबुन नहीं, बल्कि सफेद रंग की पॉलीथिन में पैक तीन पैकेट स्मैक मिला। तीनों पैकेट से कुल 306.85 ग्राम स्मैक बरामद हुआ। बरामद स्मैक की कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी गई है।एसडीपीओ अभिनव परासर ने बताया कि गिरफ्तार सौरभ कुमार पूर्व में भी शराब कांड में जेल जा चुका है
पुलिस अब उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और नशे के कारोबार से जुड़े संपर्कों की भी जांच कर रही है।एसडीपीओ के मुताबिक, के.हाट थाना क्षेत्र के जनता चौक स्थित एक ब्यूटी पार्लर से बरामद स्मैक की खेप से भी गिरफ्तार युवक का कनेक्शन सामने आया है। इससे पुलिस को संदेह है कि पूर्णिया में स्मैक की सप्लाई के लिए एक संगठित नेटवर्क सक्रिय है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि स्मैक की कुरियर के रूप में डिलीवरी करने वाले लोगों की पहचान पुलिस ने कर ली है। इन लोगों पर लगातार नजर रखी जा रही है। गिरफ्तार युवक से पूछताछ के आधार पर पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने के लिए छापेमारी कर रही है।इस मामले में के.हाट थाना कांड संख्या 414/26, दिनांक 11 सितंबर 2026 के तहत धारा 8(c)/21(c) NDPS Act में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।इस कार्रवाई के बाद अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि 50 लाख रुपये की यह खेप पूर्णिया में किन-किन जगहों पर पहुंचाई जानी थी और इसके पीछे पूरा नेटवर्क कौन चला रहा है। पुलिस गिरफ्तार युवक से पूछताछ कर इस पूरे नशा नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।



Post a Comment