Top News

पूर्णिया में मासूम से दरिंदगी, आरोपी गिरफ्तार; जांच के लिए SIT गठित


मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बेलौरी इलाके में शुक्रवार को तीन साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई। बच्ची एक घरेलू छठी समारोह में शामिल थी। इसी दौरान 19 वर्षीय युवक उसे बहला-फुसलाकर कार्यक्रम स्थल से करीब 200 मीटर दूर ले गया। परिजनों ने बच्ची की तलाश शुरू की तो रोने की आवाज सुनकर वह घटनास्थल पर पहुंच गए। इसके बाद ग्रामीणों ने आरोपी युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

आरोपी की पहचान बेलौरी निवासी करण कुमार (19), पिता रामभरोस ऋषि के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थानाध्यक्ष विवेक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी को हिरासत में ले लिया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीपीओ-1 अभिनव पराशर ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस के अनुसार, मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच के लिए स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) गठित की गई है। पुलिस अन्य संभावित संलिप्तता के बिंदुओं पर भी जांच कर रही है।

FSL टीम ने जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य

घटनास्थल पर फोरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने भी जांच की। टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट, भौतिक एवं डीएनए समेत अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस का कहना है कि इन साक्ष्यों को जांच में शामिल किया जाएगा।

सदर एसडीपीओ-1 अभिनव पराशर ने कहा कि मामले की जांच तेजी से की जा रही है। आरोपी पुलिस हिरासत में है। जांच के दौरान यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post