पत्रकारिता के योगदान को किया याद, विधायक विजय खेमका ने की हर वर्ष पत्रकार सम्मान समारोह आयोजित करने की घोषणा
पूर्णियाँ /बालमुकुन्द यादव
पूर्णिया। पूर्णिया के वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी रहे गंगा प्रसाद चौधरी की पुण्यतिथि पर सोमवार को श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के बड़ी संख्या में पत्रकार, समाजसेवी एवं विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े लोग शामिल हुए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सदर विधायक विजय खेमका उपस्थित रहे।कार्यक्रम की शुरुआत गंगा प्रसाद चौधरी के तैयाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस दौरान उपस्थित लोगों ने उनके साथ बिताए गए पलों को याद किया और पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके योगदान के साथ-साथ सामाजिक कार्यों को भी स्मरण किया। वक्ताओं ने कहा कि गंगा प्रसाद चौधरी ने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में पत्रकारिता को केवल पेशे के रूप में नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी के रूप में देखा।
पत्रकारिता में योगदान को भुलाया नहीं जा सकता : विजय खेमका
मुख्य अतिथि सदर विधायक विजय खेमका ने कहा कि गंगा प्रसाद चौधरी के पत्रकारिता के क्षेत्र में योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनका जीवन और कार्य आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायक है।उन्होंने कहा कि गंगा प्रसाद चौधरी की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता यह थी कि उन्होंने सभी पत्रकारों को एक धागे में पिरोकर रखा था। पत्रकारों के बीच आपसी एकजुटता और संवाद बनाए रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।विधायक विजय खेमका ने गंगा प्रसाद चौधरी सहित अन्य दिवंगत पत्रकारों की स्मृति में हर वर्ष पत्रकार सम्मान समारोह आयोजित करने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले पत्रकारों को सम्मानित करना दिवंगत पत्रकारों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी
नई पीढ़ी को गंगा प्रसाद चौधरी के जीवन से सीख लेनी चाहिए : विजय श्रीवास्तव
वरिष्ठ पत्रकार विजय श्रीवास्तव ने वर्तमान समय में पत्रकारों की भूमिका पर मंथन करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने नई पीढ़ी के पत्रकारों से गंगा प्रसाद चौधरी के जीवन और उनकी पत्रकारिता से सीख लेने की अपील की।उन्होंने आज के दौर में प्रेस की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए पत्रकारों के संगठित होने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता की गरिमा और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए पत्रकारों को अपनी जिम्मेदारियों और भूमिका पर गंभीरता से विचार करना होगा।
जेपी आंदोलन से पत्रकारिता तक दिखी क्रांतिकारी सोच : दिलीप कुमार दीपक
गंगा प्रसाद चौधरी के जेपी आंदोलन के दौर के सहयोगी रहे दिलीप कुमार दीपक ने उनके व्यक्तित्व और विचारधारा को याद करते हुए कहा कि गंगा प्रसाद चौधरी शुरू से ही क्रांतिकारी विचारधारा के रहे थे। बाद में यही झलक उनकी पत्रकारिता में भी देखने को मिली।उन्होंने कहा कि गंगा प्रसाद चौधरी ने पत्रकारिता के माध्यम से गरीब और वंचित लोगों के साथ न्याय करने का प्रयास किया। अपने कर्तव्य पथ से वे कभी डिगे नहीं और अपनी विचारधारा के प्रति हमेशा प्रतिबद्ध रहे।पत्रकारिता में आने वालों को लेकर गौतम वर्मा ने जताई चिंता कांग्रेस नेता गौतम वर्मा ने कहा कि गंगा प्रसाद चौधरी की राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर भी मजबूत पकड़ थी। जब तक वे रहे, उन्होंने पत्रकारों के साथ अन्याय नहीं होने दिया और पत्रकारों के हित में मजबूती से खड़े रहे।उन्होंने वर्तमान पत्रकारिता को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि कुछ लोग पत्रकारिता के क्षेत्र में आकर इसकी छवि को दूषित करने में लगे हैं। ऐसे लोगों की वजह से ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ पत्रकारिता करने वाले वास्तविक पत्रकारों की छवि भी प्रभावित हो रही है।नेता और पत्रकार दोनों की भूमिका को अलग-अलग निभाया : राजेश शर्मावरिष्ठ पत्रकार राजेश शर्मा ने कहा कि गंगा प्रसाद चौधरी नेता भी थे और पत्रकार भी, लेकिन उन्होंने दोनों भूमिकाओं को कभी आपस में नहीं जोड़ा। उन्होंने दोनों क्षेत्रों के धर्म और जिम्मेदारियों को अलग-अलग समझा और उसी के अनुरूप अपनी भूमिका निभाई।उन्होंने कहा कि गंगा प्रसाद चौधरी ने पत्रकारिता और सार्वजनिक जीवन में अपनी अलग पहचान बनाई। वरिष्ठ पत्रकार राजेश शर्मा ने वर्तमान समय में पत्रकारों की स्थिति को लेकर भी चिंता व्यक्त की और पत्रकारों के सामने मौजूद चुनौतियों पर गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता बताई
प्रेस क्लब अध्यक्ष ने विधायक का जताया आभार
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्णिया प्रेस क्लब के अध्यक्ष मिथलेश कुमार सिंह ने की। उन्होंने हर वर्ष पत्रकार सम्मान समारोह आयोजित करने की घोषणा के लिए सदर विधायक विजय खेमका के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से वरिष्ठ और दिवंगत पत्रकारों के योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जा सकता है। कार्यक्रम का मंच संचालन पूर्णिया प्रेस क्लब के सचिव मोहित पंडित ने किया।इस मौके पर पत्रकार नागेश्वर कर्ण, श्रवण कुमार, सरोज कुमार, अमित सिंह, कुनेन रजा, विनय कुमार, दिनकर स्नेही, नरेंद्र कुमार नीरज, संजय सिंधु, पवन श्रीवास्तव सहित कई पत्रकार एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। गंगा प्रसाद चौधरी के पुत्र पुष्पेश कुमार भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान गंगा प्रसाद चौधरी के व्यक्तित्व, पत्रकारिता, सामाजिक सरोकार और सार्वजनिक जीवन से जुड़े संस्मरण साझा किए गए। उपस्थित लोगों ने उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।



Post a Comment