Top News

आंगनबाड़ी केंद्र व विद्यालय में चोरी, सात बोरा चावल समेत सामान ले गए चोर


चारघरिया थाना क्षेत्र के समेश्वर पंचायत स्थित चारघरिया आदिवासी टोला में शुक्रवार की देर रात अज्ञात चोरों ने आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-92 और बगल के विद्यालय में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने आंगनबाड़ी केंद्र एवं विद्यालय में रखे एमडीएम और आंगनबाड़ी से संबंधित सामान पर हाथ साफ कर दिया।

घटना की जानकारी शनिवार सुबह करीब आठ बजे उस समय हुई, जब आंगनबाड़ी सेविका अनीमा देवी, पति कमल प्रसाद सिंह, केंद्र खोलने पहुंचीं। केंद्र पहुंचने पर उन्होंने मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ देखा। अंदर जाकर जांच करने पर केंद्र में रखा सामान गायब मिला। इसके बाद उन्होंने घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी।

आंगनबाड़ी सेविका के अनुसार, चोर केंद्र से सात बोरा चावल, गैस चूल्हा, गैस सिलेंडर, बर्तन समेत अन्य आवश्यक सामान चोरी कर ले गए। विद्यालय में भी एमडीएम से संबंधित सामान को चोरों ने निशाना बनाया। चोरी की घटना से आंगनबाड़ी केंद्र एवं विद्यालय में बच्चों को मिलने वाले भोजन की व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है।

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस अज्ञात चोरों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए छानबीन कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post