सपाहा डोभा से छर्रापट्टी तक राहत सामग्री का वितरण, दो टीमें घर-घर पहुंचकर ले रहीं प्रभावितों की जरूरत का जायजा
रूपौली /बालमुकुन्द यादव
रूपौली/पूर्णिया। रूपौली में बाढ़ का पानी कई गांवों में लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा है। कई घरों में पानी घुसने से चूल्हा जलाना तक मुश्किल है। इस संकट के बीच पूर्णिया के निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव की ओर से लगातार छठे दिन भी राहत अभियान जारी रहा।सोमवार को सांसद की देखरेख में सूखा राशन व जरूरी सामान से लदी गाड़ियां प्रभावित इलाकों के लिए रवाना की गईं। कार्यकर्ताओं की दो टीमें सपाहा डोभा, नंदगोला इस्लामपुर टोला, शर्मा टोला, फूलकिया टोला, फूलकिया घाट, श्रीमता, बेरिया और छर्रापट्टी सहित अन्य प्रभावित इलाकों में पहुंचीं और जरूरतमंद परिवारों के बीच राहत सामग्री बांटी
घर-घर पहुंचकर जरूरत का आकलन: सांसद की ओर से गठित टीमें राहत बांटने के साथ प्रभावित परिवारों की वास्तविक जरूरत का भी जायजा ले रही हैं। इसी आधार पर आगे आवश्यक सामग्री भेजी जा रही है। राहत अभियान में रूपौली सांसद प्रतिनिधि अफताब आलम उर्फ पप्पू, पूर्व प्रमुख बिहारी यादव तथा रूपौली सांसद अनुश्रवण एवं निगरानी समिति के उपाध्यक्ष रूपौली छोटू यादव समेत स्थानीय कार्यकर्ता जुटे रहे
चूल्हे तक पहुंचा पानी, सूखा राशन बना सहारा
बाढ़ प्रभावित कई परिवारों के घरों में पानी घुसने से खाना पकाना मुश्किल हो गया है। ऐसे में सूखा राशन और दैनिक उपयोग की सामग्री लोगों के लिए तत्काल सहारा बनी हुई है। सांसद प्रतिनिधि वैश खान ने कहा कि आपदा की घड़ी में राजनीति से ऊपर उठकर लोगों की मदद करना प्राथमिकता है। प्रभावितों की समस्याओं को प्रशासनिक स्तर तक भी पहुंचाया जा रहा है।सांसद पप्पू यादव ने कहा कि बाढ़ पीड़ित परिवारों को संकट की घड़ी में अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। प्रत्येक जरूरतमंद तक भोजन और जरूरी राहत सामग्री पहुंचाने का प्रयास जारी रहेगा। जब तक पानी कम नहीं होता, राहत अभियान जारी रहेगा।



Post a Comment