Top News

समस्तीपुर के बाद गया में 7 लाख के गांजे के साथ लड़की गिरफ्तार

ओडिशा से गांजा लेकर बिहार पहुंची युवती! AC कोच में 15.822 किलो की खेप बरामद

AC कोच में मॉडल जैसा लुक, ट्रॉली बैग में 7 लाख का गांजा! गया में युवती गिरफ्तार

गया /बालमुकुन्द यादव 

बिहार में मादक पदार्थों की तस्करी के तौर-तरीकों में बदलाव का एक और मामला सामने आया है। समस्तीपुर में एसी फर्स्ट क्लास से शराब की खेप के साथ युवती की गिरफ्तारी के बाद अब गया जंक्शन पर एसी कोच से गांजा की तस्करी करती एक युवती को गिरफ्तार किया गया है। युवती के ट्रॉली बैग से 15.822 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई जा रही है।मामला भुवनेश्वर तेजस राजधानी एक्सप्रेस से जुड़ा है। गुप्त सूचना के आधार पर गया जंक्शन पर आरपीएफ, सीआईबी और जीआरपी की संयुक्त टीम ने ट्रेन के एसी-2 टियर कोच में जांच और निगरानी शुरू की। इसी दौरान एक युवती की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। पुलिस टीम ने उसकी तलाशी ली तो उसके ट्रॉली बैग से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ


ट्रॉली बैग खोलते ही सामने आई गांजे की खेप

पुलिस के मुताबिक, युवती के बैग से कुल 15 किलो 800 ग्राम से अधिक गांजा बरामद किया गया। गांजा जब्त करने के बाद युवती को गिरफ्तार कर लिया गया। बरामद मादक पदार्थ की बाजार कीमत करीब सात लाख रुपये आंकी गई है।गिरफ्तार युवती के बारे में रेल पुलिस का कहना है कि वह गया की रहने वाली है और झाझपुर से नई दिल्ली की यात्रा कर रही थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप उसे कहां से मिली और इसे किसे पहुंचाया जाना था।

समस्तीपुर के बाद गया में महिला के जरिए नशे की तस्करी

गया का यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब बिहार में ट्रेनों के जरिए शराब और मादक पदार्थों की तस्करी में महिलाओं के इस्तेमाल के मामले लगातार चर्चा में हैं। हाल ही में समस्तीपुर में एसी फर्स्ट क्लास कोच से करीब 75 लीटर विदेशी शराब के साथ नेहा झा नाम की युवती और उसके जीजा को पकड़ा गया था।वहीं पटना जंक्शन पर भी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही एक छात्रा को शराब के साथ पकड़े जाने का मामला सामने आया था


पूछताछ में उसने शराब पहुंचाने के बदले पैसे मिलने का लालच दिए जाने की बात बताई थी।अब गया में एसी-2 टियर कोच से करीब 15.8 किलो गांजा के साथ युवती की गिरफ्तारी ने रेलवे के जरिए हो रही नशे की तस्करी पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।गया जंक्शन स्थित आरपीएफ इंस्पेक्टर बनारसी यादव के अनुसार, 14 सितंबर 2026 की रात गुप्त सूचना के आधार पर भुवनेश्वर तेजस राजधानी एक्सप्रेस के एसी-2 टियर कोच में कार्रवाई की गई। महिला के पास से गांजा बरामद होने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।अब रेल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि 15.822 किलो गांजा की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हैं। पुलिस की जांच के बाद ही तस्करी के पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सकेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post