शहर के चुड़ीपट्टी रमजान पुल के समीप सोमवार सुबह एक दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। घटना में लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। आग की लपटें दूसरी और तीसरी मंजिल तक पहुंचने से इलाके में अफरातफरी मच गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह दुकान से काला धुआं निकलता देख लोगों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि फ्रिज में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है। दुकान में ज्वलनशील सामान रखे होने के कारण आग तेजी से फैल गई। स्थानीय लोगों की सूचना के करीब आधे घंटे बाद दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
घटनास्थल के ठीक पास स्थित निजी नर्सिंग होम में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों में भी हड़कंप मच गया। हालांकि आग नर्सिंग होम तक पहुंचती, उससे पहले ही दमकल कर्मियों ने स्थिति नियंत्रित कर ली।
आग के कारण चुड़ीपट्टी सड़क पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। इससे पश्चिमपाली-सुभाषपल्ली-डे मार्केट मार्ग पर भी जाम लग गया। यातायात पुलिस को आवागमन सामान्य कराने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। आग बुझने के बाद चुड़ीपट्टी सड़क पर यातायात पुनः बहाल कर दिया गया।
Post a Comment