फर्जी आधार कार्ड और जाली दस्तावेज तैयार करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए किशनगंज पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। टेढ़ागाछ थाना कांड संख्या 112/26 के मामले में पुलिस की विशेष जांच टीम ने पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्द्धमान जिले में छापेमारी कर गिरोह के मुख्य वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, मानवीय और तकनीकी सूचना के आधार पर रैना थाना क्षेत्र में कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नारायणपुर निवासी स्वप्नमय अधिकारी (24), पिता संजय अधिकारी के रूप में हुई है। उसके पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
किराना दुकान की आड़ में चल रहा था फर्जीवाड़ा
जांच में सामने आया कि गिरोह फर्जी प्रमाण-पत्र तैयार कर उसके आधार पर अवैध तरीके से आधार कार्ड समेत अन्य जाली दस्तावेज तैयार कर रहा था। पुलिस ने इस मामले में पूर्व में 2 अप्रैल 2026 को गिरोह के एक मुख्य सरगना को गिरफ्तार किया था। प्राथमिकी की जांच आगे बढ़ने पर पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश से जुड़े आरोपियों की संलिप्तता के साक्ष्य सामने आए।
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि पश्चिम बंगाल का गिरफ्तार आरोपी गिरोह के सदस्यों को फर्जी तरीके से आधार कार्ड बनाने के लिए आधार इनरोलमेंट क्लाइंट सॉफ्टवेयर उपलब्ध कराने में मदद करता था। इसी माध्यम से किशनगंज के कुछ दुकानदारों को भी कथित रूप से अवैध सॉफ्टवेयर उपलब्ध कराया जा रहा था।
अब तक चार आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश
पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मामले में अब तक चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पूछताछ और अब तक मिले साक्ष्यों के आधार पर गिरोह के अंतरराज्यीय नेटवर्क की जानकारी सामने आई है। पुलिस अन्य वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
गिरफ्तार स्वप्नमय अधिकारी को न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
कार्रवाई में एसडीपीओ-2 मनोज कुमार सिंह, पुलिस निरीक्षक उमेश कुमार, जिला आसूचना इकाई के प्रभारी मो. मुश्ताक, ठाकुरगंज थानाध्यक्ष दिलशाद खान समेत पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल रहे।
Post a Comment