Top News

गणपति बप्पा मोरया के जयघोष से गूंजा शहर, निकली भव्य शोभायात्रा


मुरलीगंज। भगवान श्रीगणेश की प्रतिमा विसर्जन को लेकर शनिवार को शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। गोलबाजार स्थित श्रीराम मंदिर ठाकुरबाड़ी परिसर से गाजे-बाजे और ढोल-नगाड़ों के साथ भगवान श्रीगणेश की विशाल प्रतिमा लेकर श्रद्धालु शोभायात्रा में शामिल हुए। शोभायात्रा ने शहर के विभिन्न मार्गों का भ्रमण किया। इस दौरान पूरा शहर गणपति बप्पा मोरया के जयघोष से गूंजता रहा और वातावरण भक्तिमय बना रहा।

शोभायात्रा में कोलकाता से आए त्रिकाल झांकी टीम के कलाकारों ने भगवान भोलेनाथ, दैत्य-भूत और बजरंग बली के रूप में आकर्षक प्रस्तुति दी। झांकी टीम का प्रदर्शन शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण रहा। इसे देखने के लिए शहर में जगह-जगह लोगों की भीड़ जुटी रही।

शोभायात्रा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर थानाध्यक्ष अकमल हुसैन के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारी एवं जवान तैनात रहे। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच पुलिस प्रशासन लगातार सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रहा। देर शाम तक शहर में शोभायात्रा का दौर जारी रहा।

श्रीगणेश महोत्सव पूजा समिति के सदस्यों ने बताया कि गणेश चतुर्थी के अवसर पर आयोजित पांच दिवसीय 23वें गणेश महोत्सव का शनिवार को प्रतिमा विसर्जन एवं भव्य शोभायात्रा के साथ समापन हुआ। समिति सदस्यों ने बताया कि इस वर्ष मुरलीगंज में ऐतिहासिक एवं भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post