Top News

साबुनदानी के सात डिब्बों से 714 ग्राम स्मैक बरामद, पांच गिरफ्तार

पूर्णियां/सिटी हलचल न्यूज़ 

 नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कसबा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 714.39 ग्राम स्मैक के साथ पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 70 लाख रुपये बताई है। कार्रवाई में एक मारुति सुजुकी XL6 और पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

गुरुवार को कसबा थाना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में साइबर थानाध्यक्ष सह सदर एसडीपीओ-2 कनिष्क श्रीवास्तव ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर इलाके में लगातार वाहन जांच और मादक पदार्थों के खिलाफ छापेमारी की जा रही है। इसी क्रम में बुधवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे सूचना मिली कि जीरोमाइल, पूर्णिया से कसबा होते हुए अररिया की ओर सफेद रंग की मारुति सुजुकी XL6 से मादक पदार्थ ले जाया जा रहा है।

सूचना पर कसबा थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन ने मदरसा चौक पर वाहन जांच के दौरान उक्त वाहन को पकड़ा। वाहन में सवार चार लोगों में से अफनान आलम ने पुलिस को बताया कि वे स्मैक के कारोबार से जुड़े हैं तथा फजले ईलाही मालदा से स्मैक लेकर बस से आ रहा है। इसके बाद पुलिस ने काठ पुल के पास घेराबंदी की। रात करीब सवा आठ बजे फजले ईलाही को पैदल जाते हुए पकड़ लिया गया।

पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान उसके पास से प्लास्टिक की बनी साबुनदानी के सात डिब्बे बरामद हुए। डिब्बों को खोलने पर उनमें स्मैक मिली, जिसका कुल वजन 714.39 ग्राम बताया गया है।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अररिया के गैयारी वार्ड संख्या 11 निवासी अफनान आलम (25), गैयारी वार्ड संख्या 5 निवासी फजले ईलाही (27), गैयारी वार्ड संख्या 4 निवासी महताब आलम (35), अररिया जीरोमाइल वार्ड संख्या 4 निवासी हैदर अली (24) तथा पूर्णिया के सहायक खजांची थाना क्षेत्र के लाइन बाजार वार्ड संख्या 42 निवासी मो. हारूल (37) के रूप में हुई है। पुलिस ने इस संबंध में कसबा थाना कांड संख्या 413/26 दर्ज किया है।छापेमारी दल में कसबा थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन, पुअनि अजीत चौधरी, महिला सिपाही नेहा कुमारी साह और होमगार्ड जवान दिनेश मंडल शामिल थे। पुलिस मामले में मादक पदार्थ के स्रोत और पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post