Top News

रिया-मिलन की लव मैरिज के बाद, अब जातीय तनाव के आरोप से फिर सुर्खियों में चपय गाँव

पूर्णियां/सिटी हलचल न्यूज़ 

अंतरजातीय प्रेम विवाह के बाद पूर्णिया के चपय गांव में सामने आया मामला एक बार फिर चर्चा में है। गांव निवासी मनोज गोस्वामी की बेटी रिया कुमारी ने गांव के ही युवक मिलन पासवान के साथ प्रेम विवाह किया था। बेटी के इस फैसले से नाराज परिजनों ने रिया को मृत मानते हुए उसका पुतला तैयार किया, अर्थी निकाली और दाह संस्कार की रस्म निभाई थी। इस घटना का वीडियो और तस्वीरें सामने आने के बाद मामला सोशल मीडिया से लेकर मीडिया तक चर्चा में आ गया था।अब इसी मामले में परिवार की ओर से डराने-धमकाने और सोशल मीडिया पर जातिवाद के नाम पर माहौल बिगाड़ने के आरोप लगाए गए हैं। परिवार का कहना है कि प्रेम विवाह के बाद कुछ युवकों द्वारा लगातार सोशल मीडिया पर पोस्ट और प्रचार किए जाने से मामला और तूल पकड़ता गया

परिवार से मिलने पहुंचे नेता और सामाजिक संगठन के लोग

पीड़ित परिवार को डराए-धमकाए जाने की सूचना के बाद विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी, कटिहार के पूर्व सांसद एवं कदवा विधायक दुलालचंद गोस्वामी के साथ चपय गांव स्थित परिवार के घर पहुंचे। इस दौरान जदयू के वरिष्ठ नेता पप्पू गिरी समेत गोस्वामी समाज के कई लोग मौजूद रहे।नेताओं ने परिवार से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली और उन्हें हरसंभव सहयोग, सुरक्षा तथा न्याय का भरोसा दिलाया।

‘जातिवाद के नाम पर माहौल बिगाड़ने वालों पर हो कार्रवाई’

विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी ने कहा कि बालिग युवक-युवती को अपनी इच्छा से विवाह करने का अधिकार कानून देता है। ऐसे में इस विवाह को लेकर सामाजिक तनाव पैदा करने का प्रयास नहीं होना चाहिए।उन्होंने प्रशासन और पुलिस से अपील की कि यदि सोशल मीडिया के जरिए किसी व्यक्ति द्वारा लोगों को उकसाने, जातीय तनाव बढ़ाने या जिले की शांति एवं सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास किया जा रहा है तो उसकी जांच की जाए और कानून का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

दुलालचंद गोस्वामी बोले- बिहार में कानून का राज

कदवा विधायक एवं कटिहार के पूर्व सांसद दुलालचंद गोस्वामी ने परिवार को भरोसा दिलाया कि बिहार में कानून का राज है। उन्होंने कहा कि किसी को डराने-धमकाने या झूठे आरोप लगाने से कुछ हासिल नहीं होगा।उन्होंने पूर्णिया के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से बात कर मामले में जल्द न्याय दिलाने और परिवार को डराने-धमकाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई कराने का भरोसा दिया।

‘दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़े हैं’

जदयू के वरिष्ठ नेता पप्पू गिरी ने कहा कि घटना के समय से ही परिजन उनके संपर्क में हैं। उन्होंने कहा कि वह लगातार परिवार के संपर्क में हैं और इस मुश्किल समय में परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं।

‘जाति नहीं, भाईचारे से जुड़े समाज’

आशीष गोस्वामी ने कहा कि समाज की हर बेटी और बहन को सम्मान और सुरक्षा मिलनी चाहिए। उन्होंने जाति के नाम पर समाज को बांटने के प्रयासों से बचने की अपील की।उन्होंने सभी वर्गों से संयम बरतने तथा जिले में कानून-व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।मौके पर विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ के कटिहार जिला उपाध्यक्ष संजीव गोस्वामी, राष्ट्रीय मंत्री खगेश कुमार गोस्वामी सहित मुन्ना गोस्वामी, विशाल गोस्वामी, मनीष गोस्वामी, सुनील गोस्वामी, कन्हैया गोस्वामी, सोनू गोस्वामी, शशि गोस्वामी, जय किशोर गोस्वामी, मनजीत गोस्वामी, नटवर झा और अनु गिरी समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post