Top News

60 के पिंकू और 23 की वर्षा ने लिए सात फेरे, बारात में उम्र का हिसाब-किताब भूल गया सोशल मीडिया!



लखीसराय/सिटी हलचल न्यूज़ 

लखीसराय। शादी के मंडप में आमतौर पर लोग दूल्हा-दुल्हन की जोड़ी देखते हैं, लेकिन बिहार के लखीसराय में जब 60 साल के पिंकू सिंह ने 23 साल की वर्षा रानी के साथ सात फेरे लिए तो सोशल मीडिया ने भी चश्मा साफ करके दोबारा देखा—“भाई, मामला क्या है?”

अभयपुर के पीरीबाजार थाना क्षेत्र के रामपुर निवासी 60 वर्षीय पिंकू सिंह और लखीसराय की 23 वर्षीय वर्षा रानी की शादी का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में है। वीडियो में दोनों बाकायदा पारंपरिक रीति-रिवाज से शादी की रस्में निभाते नजर आ रहे हैं। यानी मंडप सजा, रस्में हुईं और सात फेरों के साथ दोनों ने अपनी नई जिंदगी शुरू कर दी।

उम्र का अंतर देखकर सोशल मीडिया में शुरू हुआ ‘गणित का पीरियड’

जैसे ही शादी का वीडियो वायरल हुआ, सोशल मीडिया पर लोगों ने दूल्हा-दुल्हन की उम्र का हिसाब लगाना शुरू कर दिया। एक तरफ 60 साल के पिंकू सिंह और दूसरी तरफ 23 साल की वर्षा रानी। दोनों के बीच 37 साल का अंतर है।लेकिन दोनों का जवाब साफ है—उम्र का हिसाब लोग लगाते रहें, जिंदगी हमें साथ बितानी है।स्थानीय सरपंच ने भी इस शादी को दोनों का निजी मामला बताया है। उनका कहना है कि यदि दोनों अपनी इच्छा से शादी कर साथ रहना चाहते हैं तो उन्हें शुभकामनाएं दी जानी चाहिए।

दूल्हे की पहली पत्नी 10 साल पहले छोड़ गई थी साथ

पिंकू सिंह खेती और मजदूरी कर जीवन चलाते हैं। बताया गया कि उनकी पहली पत्नी करीब 10 साल पहले उन्हें छोड़कर चली गई थीं। इसके बाद अब पिंकू सिंह ने वर्षा रानी के साथ नई जिंदगी शुरू की है।

दुल्हन की भी है शादी की कहानी, एक बेटी भी

वर्षा रानी की यह दूसरी शादी है। इससे पहले उनकी शादी मुंगेर जिले के कल्याणपुर में हुई थी और उस शादी से उनकी एक बेटी भी है।वर्षा के मुताबिक, उन्होंने पहली शादी भी अपनी पसंद से की थी। लेकिन ससुराल में आग लगने की दुर्घटना में वह बुरी तरह झुलस गईं। इसके बाद पति ने उन्हें साथ रखने से इनकार कर दिया। पारिवारिक हस्तक्षेप के बाद दोनों अलग हो गए।जिंदगी के उतार-चढ़ाव के बीच वर्षा ने अब पिंकू सिंह के साथ नई शुरुआत करने का फैसला किया है।

‘किसी के दबाव में नहीं की शादी’

फिलहाल ग्रेजुएशन पार्ट-1 की पढ़ाई कर रहीं वर्षा ने साफ कहा है कि उन्होंने यह शादी किसी दबाव में नहीं, बल्कि अपनी मर्जी से की है। सीएसडब्ल्यू सुप्रिया कुमारी ने भी वर्षा की उम्र 23 वर्ष होने की पुष्टि की है।अब सोशल मीडिया पर चाहे इस जोड़ी को लेकर कितने भी सवाल हों, पिंकू और वर्षा ने अपना फैसला सुना दिया है—फेरे सात हो चुके हैं, जिंदगी की नई पारी शुरू हो चुकी है।लोगों के लिए यह शादी भले ही चौंकाने वाली हो, लेकिन दोनों के लिए यह उनके जीवन का नया अध्याय है। फिलहाल लखीसराय की यह अनोखी शादी सोशल मीडिया पर चर्चा में है और लोग अपने-अपने अंदाज में इस जोड़ी की कहानी पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post