कोढ़ा। कोढ़ा थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 204.9 ग्राम स्मैक के साथ पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों पश्चिम बंगाल के मालदा कालियागंज से स्मैक लेकर भागलपुर डिलीवरी देने जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार, पूर्णिया से ऑटो के जरिए कोढ़ा पहुंचे दंपती चथरियापीर स्थित आईटीबीपी कैंप के समीप भागलपुर जाने वाली बस का इंतजार कर रहे थे। संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर अपर थानाध्यक्ष कुणाल कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखते ही दोनों भागने लगे, लेकिन पुलिस जवानों ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया।
मजिस्ट्रेट सह कोढ़ा अंचलाधिकारी संजीव कुमार की मौजूदगी में तलाशी ली गई। महिला के पर्स से स्मैक का एक पैकेट, जबकि उसके पति की जींस की जेब से स्मैक का एक पैकेट और मोबाइल बरामद किया गया। बरामद स्मेक की कीमत करीब 20 लाख आंकी जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास कुमार और उसकी पत्नी लुक्खी कुमारी, निवासी शांतिनगर मुखरी टोला, थाना गोपालपुर, जिला भागलपुर के रूप में हुई है। पुलिस बरामद स्मैक के स्रोत और डिलीवरी लेने वाले नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। कार्रवाई में एसआई मनोहर कुमार, कौशल कुमार, विनीता कुमारी, महिला पुलिस बल समेत अन्य जवान शामिल रहे। दोनों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
Post a Comment