विद्या विहार कैरियर प्लस (VVCP) द्वारा आयोजित 'अभ्युदय 2026 : उत्कृष्टता का उत्सव एवं मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान समारोह' में जेईई एडवांस और एसओएफ ओलंपियाड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। समारोह में विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों और गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विकास कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर विद्या विहार ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के सचिव इं. राजेश चंद्र मिश्रा, निदेशक इं. आर.के. पॉल, विद्या विहार कैरियर प्लस के निदेशक इं. प्रशांत शंकर, प्राचार्य निखिल रंजन समेत कई अतिथि मौजूद रहे।
जेईई एडवांस में सफलता हासिल करने वाले भास्कर आर्य (आईआईआईटी बेंगलुरु), राघव मिश्रा (बिट्स पिलानी), अभय कुमार साह (एनआईटी सिलचर) तथा आयुष्का परी को सम्मानित किया गया। सफल विद्यार्थियों ने अपनी तैयारी, समय प्रबंधन और सफलता के अनुभव साझा करते हुए जूनियर छात्रों को लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया।
एसओएफ राष्ट्रीय विज्ञान ओलंपियाड (एनएसओ) एवं अंतरराष्ट्रीय गणित ओलंपियाड (आईएमओ) 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी पदक, प्रमाण-पत्र और उपहार देकर सम्मानित किया गया। एनएसओ में सानिया, सोनाली और अविशा आनंद, जबकि आईएमओ में सुशांत शेखर, नविका डे, सुरभि कुमारी, तनिषा रानी और अंकित झा को सम्मान मिला।
इस दौरान विद्यार्थियों की सफलता में योगदान देने वाले शिक्षकों एवं कार्यालय कर्मियों को भी अंगवस्त्र और स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि एवं संस्थान प्रबंधन ने विद्यार्थियों से बड़े लक्ष्य निर्धारित करने, अनुशासन और निरंतर परिश्रम को सफलता का मूल मंत्र बताते हुए जीवन में नैतिक मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में सुश्री सुप्रिया मिश्र ने धन्यवाद ज्ञापन किया। समारोह का समापन सभी सम्मानित विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं अतिथियों के सामूहिक छायाचित्र के साथ हुआ।
Post a Comment