Top News

पशु क्रूरता की इंतहा! कंटेनर में ठूंसकर ले जाए जा रहे थे 34 मवेशी


सीमांचल में पशु तस्करी का अवैध कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार सामने आ रहे मामलों से साफ है कि तस्कर बेखौफ होकर मवेशियों की तस्करी कर रहे हैं और इस दौरान पशु क्रूरता अधिनियम का खुलेआम उल्लंघन भी किया जा रहा है। ताजा मामला बहादुरगंज थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने एक कंटेनर से 34 मवेशियों को बरामद करते हुए एक कथित तस्कर को गिरफ्तार किया है। हालांकि कंटेनर चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार शुक्रवार देर रात गुप्त सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश नंबर UP21CN4688 कंटेनर में अवैध रूप से मवेशियों की तस्करी की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद बहादुरगंज थाना पुलिस ने एनएच-327ई पर बाघमारा के समीप विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान संदिग्ध कंटेनर को रोकने का प्रयास किया गया।

पुलिस को देखते ही चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जबकि मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान इकबाल हुसैन (55 वर्ष), निवासी शिकारपुर, जिला पश्चिम चंपारण (बेतिया) के रूप में बताई।

कंटेनर की तलाशी लेने पर पुलिस ने उसमें 34 मवेशियों को अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंसकर बांधा हुआ पाया। पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में सभी मवेशियों और कंटेनर को जब्त कर विधिवत जब्ती सूची तैयार की।

प्रारंभिक जांच में पुलिस ने इसे संगठित पशु तस्करी का मामला मानते हुए कंटेनर चालक, वाहन मालिक और गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध पशु क्रूरता अधिनियम एवं अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। फरार चालक की तलाश की जा रही है।
लगातार हो रही ऐसी कार्रवाइयों से यह संकेत मिल रहा है कि सीमांचल में पशु तस्करी का नेटवर्क अब भी सक्रिय है। पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post