Top News

SIR पर दोहरी नीति नहीं चलेगी, देश में अस्थिरता पैदा करना चाहती है कांग्रेस : दिलीप जायसवाल

किशनगंज/सिटी हलचल न्यूज़ 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर भाजपा की ओर से चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत रविवार को भूतनाथ गौशाला मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान एवं पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल शामिल हुए। उन्होंने स्वयं सफाई अभियान में भाग लिया और पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में मंत्री डॉ. जायसवाल ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी सत्ता के लालच में देश में अराजकता और अस्थिरता का माहौल पैदा करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि देश की जनता ने चुनी हुई सरकार को वर्ष 2029 तक शासन करने का जनादेश दिया है। भ्रामक प्रचार के जरिए सरकार को अस्थिर करने की कोशिश लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है


एसआईआर पर राहुल गांधी से पूछे सवाल

एसआईआर को लेकर मंत्री ने राहुल गांधी से सवाल किया कि जिन मतदाताओं की मृत्यु हो चुकी है या जिनके नाम एक से अधिक स्थानों पर दर्ज हैं, क्या ऐसे नाम मतदाता सूची से नहीं हटने चाहिए? उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासित राज्य में एसआईआर सही और गैर-कांग्रेस शासित राज्य में गलत बताना दोहरी नीति है। एसआईआर को लेकर ऐसी दोहरी नीति नहीं चलेगी।पायलट स्मित मच्छार के मुद्दे पर भी उन्होंने राहुल गांधी को घेरते हुए कहा कि उनके पास इस मामले में एक ट्वीट करने तक का समय नहीं है। देश की जनता सब देख रही है और समय आने पर जवाब भी देगी।मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्ष के आंदोलन पर उन्होंने कहा कि दलीय राजनीति से प्रेरित होकर चुनी हुई सरकार के कामकाज में बाधा डालने की कोशिश की गई तो जनता इसका जवाब देगी


17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा कार्यक्रम

मंत्री ने बताया कि भाजपा की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान और पौधारोपण सहित विभिन्न सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं ने सेवा को अपना संकल्प माना है।उन्होंने बताया कि आगामी 7 अक्टूबर को सेवा ज्योति यात्रा किशनगंज पहुंचेगी, जिसमें हजारों लोगों के शामिल होने की संभावना है। कलटैक्स चौक का नाम ‘सेवा ज्योति चौक’ किए जाने का अनुरोध भी किया गया है।कार्यक्रम में राज्य अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष लखविंदर सिंह, गोपाल मोहन सिंह, हरि अग्रवाल, कौशल यादव, संजय उपाध्याय, सुभाष यादव, राकेश गुप्ता, राजीव चौहान, सुबोध महेश्वरी, लखवीर कौर, सोनी देवी, ज्योति कुमार सोनू, जय किशन प्रसाद, राजेश गुप्ता, संजय पासवान सहित भाजपा के दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post