बैसा प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत सिरसी पंचायत के सैकड़ों लाभुकों का नाम प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण की नई सूची से हटाए जाने को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। प्रभावित लाभुकों ने मामले को लेकर प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) को लिखित आवेदन देकर सूची की जांच कराने और पात्र लाभुकों के नाम पुन: शामिल करने की मांग की है।
लाभुकों का कहना है कि वे लंबे समय से कच्चे और जर्जर मकानों में रहने को मजबूर हैं। योजना के सर्वे के दौरान संबंधित कर्मियों ने उनके घरों का निरीक्षण करने के साथ जियो टैग भी किया था। इसके बावजूद अंतिम सूची में उनका नाम शामिल नहीं किया गया।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई जरूरतमंद एवं पात्र परिवारों को भी सूची से बाहर कर दिया गया है। आवेदन में लाभुकों ने सूची की दोबारा जांच कराने, नाम हटाए जाने का स्पष्ट कारण बताने तथा पात्र परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की है।
इस संबंध में बीडीओ ने ग्रामीणों को मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जांच में पात्र पाए जाने वाले लाभुकों को नियमानुसार योजना का लाभ दिलाने की कार्रवाई की जाएगी।
Post a Comment