नगर परिषद किशनगंज सभागार में सोमवार को नगर परिषद अध्यक्ष इन्द्रदेव पासवान की अध्यक्षता में शहर में संचालित नर्सिंग होम संचालकों के साथ बैठक हुई। बैठक में शहर के दर्जनों नर्सिंग होम संचालक मौजूद रहे।
बैठक में नगर परिषद अध्यक्ष इन्द्रदेव पासवान ने कहा कि नर्सिंग होम संचालकों द्वारा नियमों का उल्लंघन कर संस्थानों का संचालन किए जाने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसी को लेकर पहली बार सभी संचालकों के साथ बैठक कर व्यवस्था में सुधार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि शहर में कहीं दो तो कहीं चार कमरों में नर्सिंग होम संचालित किए जा रहे हैं। साथ ही इन संस्थानों से आए दिन हंगामे की शिकायतें भी सामने आती रहती हैं।
अध्यक्ष ने सभी संचालकों को व्यवस्था में सुधार के लिए 15 दिनों का समय दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्धारित अवधि के बाद जांच के दौरान जो भी नर्सिंग होम नियमों के विपरीत संचालित पाए जाएंगे, उनके खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, नगर परिषद के स्वच्छता पदाधिकारी स्वरूपम राज ने बायो मेडिकल कचरे के उचित निष्पादन को लेकर नर्सिंग होम संचालकों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कितने संचालकों ने ट्रेड लाइसेंस लिया है, इसका रिकॉर्ड से मिलान किया जाएगा। जांच के बाद नियमों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Post a Comment