मुरलीगंज (मधेपुरा)। मुरलीगंज नगर पंचायत के वार्ड 14 स्थित कार्तिक चौक के समीप बुधवार को पोखर में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई। काफी खोजबीन के बाद देर शाम दोनों के शव पोखर से बरामद किए गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतकों की पहचान वार्ड 14 निवासी भूपेंद्र पासवान के सात वर्षीय पुत्र धीरज कुमार और नकुल पासवान की छह वर्षीय पुत्री करीना कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, दोनों बच्चे दिन में पोखर की ओर गए थे। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों और स्थानीय लोगों ने उनकी तलाश शुरू की। पोखर में खोजबीन के दौरान देर शाम दोनों के शव बरामद हुए।
प्रथमदृष्टया आशंका है कि नहाने के दौरान दोनों बच्चे पोखर के गहरे पानी में चले गए और डूबने से उनकी मौत हो गई। हालांकि, घटना की वास्तविक स्थिति पुलिस की जांच के बाद स्पष्ट होगी। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर परिजनों से पूछताछ शुरू कर दी है। घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
Post a Comment