बैसा। पूर्णिया डीएम अंशुल कुमार ने मंगलवार को बैसा प्रखंड मुख्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रखंड एवं अंचल कार्यालय में संचालित विभिन्न कार्यों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों से आवश्यक जानकारी लेते हुए दिशा-निर्देश दिए।
इसके बाद डीएम ने रौटा एवं सिरसी स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय की व्यवस्था, छात्राओं की सुविधाओं और पठन-पाठन की जानकारी ली। सिरसी में आयोजित छात्र शिविर का भी निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं और गतिविधियों का जायजा लिया। इस दौरान छात्र-छात्राओं के बीच चॉकलेट एवं कॉपी का वितरण किया।
सिरसी कस्तूरबा विद्यालय के शिक्षकों ने डीएम को परिसर में जलजमाव की समस्या से अवगत कराया। डीएम ने समस्या के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। वहीं सिरसी पंचायत के काशीबाड़ी एवं मलहाना गांव के ग्रामीणों ने गांव के समीप हो रहे नदी कटाव की समस्या बताई। डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों को कटाव निरोधी कार्य कराने का निर्देश दिया।
Post a Comment