Top News

मुरलीगंज सीएचसी में चिकित्सकों ने किया ओपीडी का बहिष्कार


मुरलीगंज। बिहार स्वास्थ्य सेवा संघ के आह्वान पर मंगलवार को मुरलीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में चिकित्सकों ने ओपीडी सेवा का पूर्ण बहिष्कार किया। चिकित्सकों के कार्य बहिष्कार के कारण नियमित ओपीडी सेवा ठप रही। हालांकि, गंभीर मरीजों को देखते हुए इमरजेंसी सेवा सामान्य रूप से संचालित होती रही।

ओपीडी बंद रहने से दूर-दराज से इलाज के लिए पहुंचे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई मरीज बिना चिकित्सकीय परामर्श के वापस लौट गए, जबकि कुछ ने निजी चिकित्सकों या अन्य स्वास्थ्य केंद्रों का रुख किया।

सीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. संजीव कुमार ने बताया कि संघ के राज्यव्यापी आह्वान पर ओपीडी का बहिष्कार किया गया। इमरजेंसी सेवा चालू रखी गई, ताकि आपात स्थिति में मरीजों को तत्काल उपचार मिल सके। उन्होंने बताया कि आगे कार्य बहिष्कार जारी रहेगा या नहीं, इसका निर्णय संघ से मिलने वाले अगले निर्देश के आधार पर लिया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post