Top News

सात फेरे का सपना लेकर प्रेमिका संग सिलीगुड़ी गया युवक, लड़की हुई फरार

 

किशनगंज/सिटी हलचल न्यूज़ 

जिस प्रेमिका का हाथ थामकर सात फेरे लेने के सपने के साथ एक युवक घर से सिलीगुड़ी पहुंचा, वही कथित प्रेमिका बीच सफर में उसका साथ छोड़कर लापता हो गई। प्रेमिका के अचानक गायब होने के बाद युवक किसी तरह अपने घर लौटा। घर लौटने के बाद उसने दोस्तों को पूरी आपबीती सुनाई। आरोप है कि इसके बाद उसके दो दोस्त उसे घुमाने के बहाने बाइक से अपने साथ ले गए और रास्ते में उसे कोई संदिग्ध नशीला या जहरीला पदार्थ खिला दिया। हालत बिगड़ने के बाद युवक को गंभीर अवस्था में किशनगंज सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।मामला ठाकुरगंज थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। परिजनों के अनुसार युवक विकास (नाबालिग) एक लड़की के साथ प्रेम प्रसंग में सिलीगुड़ी गया था। बताया जा रहा है कि दोनों शादी करने के उद्देश्य से घर से निकले थे। लेकिन सिलीगुड़ी पहुंचने के बाद कथित प्रेमिका अचानक लापता हो गई। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला, जिसके बाद विकास वापस अपने घर लौट आया।परिजनों का आरोप है कि घर लौटने के बाद विकास ने अपने दो दोस्तों को सिलीगुड़ी में हुई पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद दोनों दोस्त उसे घुमाने की बात कहकर बाइक से अपने साथ ले गए। आरोप है कि रास्ते में दोनों ने उसे कोई संदिग्ध नशीला या जहरीला पदार्थ खिला दिया। कुछ समय बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और वह गंभीर रूप से बीमार हो गया। आनन-फानन में परिजन उसे किशनगंज सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसे भर्ती कर इलाज शुरू किया गया।

सदर अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहा युवक

सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. सुबोजीत दास ने बताया कि युवक की हालत गंभीर है। चिकित्सकों की टीम उसकी लगातार निगरानी कर रही है और इलाज जारी है। बताया गया कि आने वाले 24 घंटे युवक के लिए बेहद अहम हैं।

प्रेमिका के बाद दोस्तों पर भी उठे सवाल

एक तरफ युवक जिस लड़की के साथ शादी के सपने लेकर सिलीगुड़ी गया था, उसके अचानक लापता होने की बात सामने आई है। वहीं घर लौटने के बाद दोस्तों द्वारा उसे अपने साथ ले जाने और कथित तौर पर संदिग्ध पदार्थ खिलाने के आरोप ने मामले को और उलझा दिया है। हालांकि जहरीला या नशीला पदार्थ वास्तव में क्या था और युवक की तबीयत बिगड़ने की वास्तविक वजह क्या है, यह जांच और चिकित्सकीय रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।परिजनों ने मामले को लेकर थाना में आवेदन देने की बात कही है। हालांकि खबर लिखे जाने तक पुलिस को लिखित आवेदन नहीं दिए जाने की जानकारी है। आवेदन मिलने और जांच के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर सामने आने की उम्मीद है।

Post a Comment

Previous Post Next Post