Top News

राष्ट्र निर्माण के शिल्पकार शिक्षकों का हुआ सम्मान, 400 शिक्षक हुए सम्मानित

पूर्णियां/सिटी हलचल न्यूज़ 

सीमांचल प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के तत्वावधान में शिक्षक दिवस के अवसर पर राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका को सम्मान देने के उद्देश्य से प्रेक्षागृह-सह-आर्ट गैलरी, पूर्णिया में भव्य शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री दिलीप कुमार जायसवाल, भवन निर्माण मंत्री लेशी सिंह, पूर्णिया सदर विधायक विजय खेमका, रूपौली विधायक कलाधर मंडल, विधान पार्षद अनिल कुमार ठाकुर एवं पूर्णिया नगर निगम की उप महापौर पल्लवी गुप्ता ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यक्रम की शुरुआत बिहार लोक संस्कृति मंच के स्वागत गान और फॉर्चुना साइन स्कूल के बच्चों की स्वागत नृत्य प्रस्तुति से हुई। इसके बाद राहुल एंड ग्रुप के कत्थक नृत्य तथा डांस टू डेयर एकेडमी के कजरी नृत्य ने उपस्थित अतिथियों और दर्शकों का मन मोह लिया। आगत अतिथियों का स्वागत एसोसिएशन के उपाध्यक्ष शिवशंकर झा ने किया।

सम्मान समारोह के प्रथम सत्र में शास्त्रीय संगीत गुरु अमरनाथ झा, शास्त्रीय नृत्य गुरु जयदीप मुखर्जी, चित्रकार राजीव राज एवं योग गुरु रमेश साह को अंगवस्त्र, प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

द्वितीय सत्र में सीमांचल के कटिहार, अररिया सहित पूर्णिया के बनमनखी, डगरूआ, बायसी, अमौर, श्रीनगर, बैसा, कसबा, जलालगढ़, धमदाहा, बड़हरा कोठी, केनगर एवं पूर्णिया पूर्व प्रखंड से पहुंचे करीब चार सौ शिक्षकों को प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान एसोसिएशन के अध्यक्ष उदय शंकर प्रसाद सिंह ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में जनप्रतिनिधियों के समक्ष निजी विद्यालयों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को मजबूती से रखा।

कार्यक्रम के तृतीय सत्र में सम्मानित अतिथि शंभू लाल वर्मा, प्राचार्य राजकीय डिग्री महाविद्यालय भरगामा, अरविन्द कुमार सिंह, अध्यक्ष पूर्णिया सिविल सोसाइटी, अरविन्द कुमार झा, संरक्षक पूर्णिया सिविल सोसाइटी, डॉ. सादत वसीम एवं डॉ. निखत आरा ने संगठन से जुड़े करीब दो सौ निदेशकों एवं प्राचार्यों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम के अंत में एसोसिएशन के सचिव मनोरंजन कुमार ने सभी अतिथियों, निदेशकों, प्राचार्यों एवं शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया। मीडिया प्रभारी ऋतुराज आनंद ने बताया कि संगठन की ओर से लगातार दूसरे वर्ष शिक्षक सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया है। इसका उद्देश्य शिक्षकों की गरिमा और सम्मान को बनाए रखना है।

Post a Comment

Previous Post Next Post