के.नगर प्रखंड के जगनी पंचायत में पैक्स चुनाव का बिगुल बजते ही अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। रविवार शाम पैक्स अध्यक्ष पद के प्रत्याशी मंटू मेहता उर्फ मंटू कुशवाहा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूर्व पैक्स अध्यक्ष अखिलेश मेहता पर वित्तीय अनियमितता और करीब 80 लाख रुपये के कथित गबन का आरोप लगाया।
मंटू कुशवाहा ने आरोप लगाया कि पूर्व पैक्स अध्यक्ष के कार्यकाल में पैक्स में बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितता हुई थी। उन्होंने दावा किया कि इस मामले में पूर्व अध्यक्ष के खिलाफ मामला भी दर्ज है। उनके अनुसार, इसके बावजूद अखिलेश मेहता ने पैक्स अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया था, जिसे प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी ने रद्द कर दिया।
मंटू कुशवाहा ने पैक्स में हुई कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच कराने और पूरे मामले को सार्वजनिक करने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस बार जगनी पंचायत के मतदाता मतदान के माध्यम से अपना निर्णय देंगे।
इधर, पूर्व पैक्स अध्यक्ष अखिलेश मेहता के पुत्र आशीष आनंद ने भी पैक्स अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया है। इससे चुनावी मुकाबला और दिलचस्प हो गया है।
हालांकि, लगाए गए आरोपों पर पूर्व पैक्स अध्यक्ष अखिलेश मेहता या उनके पुत्र आशीष आनंद की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। कथित 80 लाख रुपये के गबन और वित्तीय अनियमितता की वास्तविकता संबंधित दस्तावेजों एवं आधिकारिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
Post a Comment