बख्तियारपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बलुआपार गांव के वार्ड संख्या 12 में छापेमारी कर करीब आठ किलो गांजा जैसा मादक पदार्थ बरामद किया। पुलिस ने मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान बलुआपार निवासी 48 वर्षीय मु. अफरोज उद्दीन के रूप में हुई है।
एसडीपीओ निशिकांत भारती ने प्रेसवार्ता में बताया कि थानाध्यक्ष जयशंकर कुमार को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अपने घर में मादक पदार्थ छिपाकर रखा है। सूचना के सत्यापन के बाद थानाध्यक्ष के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई। पुलिस टीम को देखकर एक व्यक्ति छिपने का प्रयास करने लगा, जिसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उसकी पहचान मु. अफरोज उद्दीन के रूप में हुई।
इसके बाद पुलिस ने उसके घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान एक झोले में रखा करीब आठ किलो गांजा जैसा मादक पदार्थ बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। कार्रवाई में पुअनि अमरजीत कुमार सिंह, राजा कुमार सहित पुलिस बल शामिल थे।
Post a Comment