फलका थाना क्षेत्र की सोहथा दक्षिण पंचायत के वार्ड संख्या पांच स्थित गोपालपट्टी घाट गांव में गुरुवार को चूल्हे से निकली चिंगारी से लगी आग में पांच घर जलकर राख हो गए। अगलगी में अनाज, कपड़े, बर्तन, फर्नीचर, जेवरात, नकदी, शादी का सामान और एक बाइक समेत लाखों रुपये की संपत्ति नष्ट हो गई।
ग्रामीणों के अनुसार, तीनपुलिया के समीप बिसंदेव मंडल के घर में खाना बनाने के दौरान चूल्हे से निकली चिंगारी तेज हवा के कारण विकराल हो गई। देखते ही देखते आग ने आसपास के घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। अग्निशमन टीम ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
अगलगी में बिसंदेव मंडल, कल्पना देवी, सोनी कुमारी, गुड़िया देवी और अन्नू कुमारी के घर जल गए। गुड़िया देवी ने बताया कि कृषि कार्य के लिए करीब तीन लाख रुपये घर में रखे थे, जो जल गए। वहीं कल्पना देवी ने बताया कि उनकी बेटी की शादी दुर्गा पूजा के बाद तय थी। शादी के लिए खरीदा गया सामान और करीब एक लाख रुपये नकद भी आग में नष्ट हो गए।
घटना की सूचना पर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि अमित कुमार गुप्ता और पंचायत समिति सदस्य लखनदेव ठाकुर मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर सहायता का भरोसा दिया तथा प्रशासन से राहत सामग्री और मुआवजा देने की मांग की। हल्का कर्मचारी मिथुन कुमार ने भी मौके पर पहुंचकर नुकसान का प्रारंभिक आकलन किया। पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से शीघ्र राहत और मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है।
Post a Comment